यमुनानगर। पश्चिमी यमुना नहर में रविवार को डूबे 15 वर्षीय किशोर वंश का शव मंगलवार सुबह दामला के पास नहर से बरामद हो गया। स्थानीय लोगों ने नहर में शव बहता देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
करीब दो दिन तक पानी में रहने के कारण शव की हालत खराब हो चुकी थी। मृतक के बड़े भाई शिवम ने वंश की बाजू पर बने मां के टैटू के आधार पर उसकी पहचान की। शव मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शिवम ने वंश के साथ नहर पर गए तीन युवकों पर हत्या का शक जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विज्ञापन
शिवम का कहना है कि वंश का सागर नामक युवक से पहले विवाद हो चुका था, ऐसे में दोनों का साथ जाना कई सवाल खड़े करता है। परिजनों के अनुसार वंश ने घर से निकलते समय कहा था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा। बाद में सूचना मिली कि वह बाड़ी माजरा पुल के पास नहर में डूब गया है।
परिजनों का कहना है कि वंश को तैरना नहीं आता था, इसलिए हादसे की कहानी पर उन्हें संदेह है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। वंश के साथ मौजूद युवकों से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।