संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सहारनपुर-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिगरा गांव के पास सोमवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर सदर यमुनानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कैथल जिले का सीवन निवासी 22 वर्षीय विशाल एक गैस एजेंसी में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार विशाल रविवार को घर से हरिद्वार घूमने जाने की बात कहकर निकला था। सोमवार सुबह उसका शव यमुनानगर में हाईवे किनारे आम के पेड़ पर लटका मिला। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी जांच के लिए बुलाया गया।
युवक का शव परने से बने फंदे पर लटका मिला, उसकी बाइक भी घटनास्थल के पास खड़ी मिली। तलाशी के दौरान उसकी जेब से कुछ दस्तावेज मिले, जिनके आधार पर परिजनों को घटना की सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था और सब कुछ सामान्य चल रहा था।
ऐसे में विशाल की ओर से यह कदम क्यों उठाया गया, यह सवाल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद मृतक विशाल के परिजन। संवाद- फोटो : वारदात के समय जेब में कारतूस भरकर लाया था आरोपी अभिषेक