यमुनानगर। स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली स्थित एआईसीसी कार्यालय में वंदे मातरम के अनादर करने के आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रविवार शाम कैंडल मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ रोष जताते हुए कहा कि राष्ट्रगीत देश के स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है तथा इसका अपमान किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
कैंडल मार्च मेयर कैंप कार्यालय, मॉडल टाउन से शुरू होकर नेहरू पार्क तक पहुंचा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और वंदे मातरम के सम्मान की बात कही। मार्च में यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, रामनिवास गर्ग समेत बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक शामिल हुए।
विज्ञापन
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि वंदे मातरम देश की स्वतंत्रता की लड़ाई से जुड़ा राष्ट्रभाव का प्रतीक है। इसके सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर पर राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़े प्रतीकों का सम्मान किया जाना चाहिए।
जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के लिए हमेशा आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के कथित रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि देशवासियों की भावनाओं का सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर राष्ट्रगीत के सम्मान का संदेश दिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि वंदे मातरम हमारा स्वाभिमान है और इसका अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा।