संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। खंड बिलासपुर के एसडीएम की सरकारी गाड़ी की टक्कर से फेरी लगाने वाले बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गाड़ी चालक पर केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी तरसेम सिंह ने बताया कि गाड़ी एसडीएम की है जिसे उनका चालक चला रहा था।
बिलासपुर के गांव ढलौर निवासी रामकरण ने शिकायत देकर बताया कि उसके पिता रामेश्वर कपड़ा बेचने का काम करते थे। शनिवार को उसके पिता रामेश्वर अपनी बाइक से ढांग बजाज एजेंसी साढौरा गए थे। इसके बाद रामकरण के पास उसके किसी रिश्तेदार ने फोन कर घटना की सूचना दी कि उसके पिता का एक्सीडेंट हो गया है।
आरोपी गाड़ी के चालक ने बिना हार्न दिए ही सीधे टक्कर बाइक सवार को मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी को एसडीएम बिलासपुर का ड्राइवर चला रहा था।