यमुनानगर। फरवरी महीना खत्म होने में मात्र तीन दिन बचे हैं, फिर भी अभी तक सभी राशन डिपो पर सरसों का तेल नहीं पहुंचा है। लोग तेल के लिए डिपो पर चक्कर काट रहे हैं। सारा राशन एक ही बार में नहीं पहुंचने से लोग परेशान हैं। ऐसा पहली बार नहीं कई माह से लगातार हो रहा है।
डिपो पर राशन सप्लाई करने में बरती जा रही लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। लोग अपने कामकाज छोड़ कर डिपो पर चक्कर काट रहे हैं। कभी सर्वर डाउन रहता है तो कभी राशन नहीं पहुंचता। ऐसे में लोगों को कई-कई बार डिपो पर चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
लोगों को पहले ही डिपो पर गेहूं नहीं मिल रहा है। जिन बीपीएल परिवार को पहले प्रति सदस्य पांच किलोग्राम गेहूं मिलता था, उन्हें मात्र डेढ़ किलो ही गेहूं दिया जा रहा है। बाकी साढ़े तीन किलोग्राम बाजरा बांटा जा रहा है। लोगों का कहना है कि वे नियमित रूप से गेहूं की जगह बाजरे की रोटी कैसे खाएं। उन्हें इसकी आदत नहीं है जबकि गर्मी में तो बाजरे की रोटी खाना मुश्किल हो जाता है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की तरफ से अगले माह वितरित होने वाले राशन की डिटेल पहले ही भेज दी जाती है। ताकि लोगों को राशन समय पर मिलता रहे परंतु ऐसा नहीं हो रहा। लाभार्थी अशोक कुमार, सोहन लाल व ऊषा ने बताया उन्हें गेहूं व बाजरा तो डिपो से कई दिन पहले मिल गया था परंतु तेल अभी तक नहीं मिला है। वह अपने गांव के डिपो संचालक से बात करते हैं कि वह कहता है कि ठेकेदार को ही तेल सप्लाई करना है। जब तेल डिपो पर आएगा और पीओएस मशीन में एंट्री होगी, तभी वह लोगों को तेल दे सकेंगे। उल्लेखनीय है कि जिले में कुल 590 डिपो संचालक है। जिले में कुल 228191 राशन कार्ड हैं। जिनमें राशन पर 931467 सदस्य निर्भर हैं। इनमें एएवाई कार्ड 14217 व बीपीएल 883396 कार्ड हैं।
उधर, राशन डिपो एसोसिएशन के जिला प्रधान सुशील मित्तल ने बताया कि उनके पास भी दो दिन पहले ही सरसों का तेल पहुंचा है। अभी भी कुछ डिपो पर तेल नहीं पहुंचा है, क्योंकि लोगों को मात्र 20 रुपये लीटर के हिसाब से कुल दो लीटर तेल मिलता है। इसलिए लोग तेल के लिए बार-बार डिपो पर चक्कर लगाते हैं। समय पर ही सारा राशन डिपो पर पहुंचना चाहिए।-
वर्जन
तेल डिपो पर पहुंचा दिया है: सुखचैन सिंह
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक सुखचैन सिंह का कहना है कि लगभग सभी डिपो पर सरसों का तेल पहुंचा दिया है। जिस डिपो पर पिछला स्टॉक बचा रहता है वहां पर किसी दूसरे डिपो से बाकी का तेल पहुंचा देते हैं।