यमुनानगर। तेजली खेल परिसर में खेल विभाग की ओर से बुधवार को जिला स्तरीय कुश्ती अखाड़ा प्रतियोगिता कराई गई।
इनमें लड़कियों में बबली ने जिला कुमारी और अजीजपुर अखाड़ा की इशिका ने जिला केसरी का खिताब जीता। लड़कों की फ्रीस्टाइल कुश्ती में कैंप के विश्वकर्मा मोहल्ले के वीर ने जिला कुमार व ग्रीको रोमन स्टाइल कुश्ती में अजीजपुर अखाड़ा के हर्षित ने जिला कुमार का खिताब हासिल किया।
ऐसे ही ग्रीको रोमन स्टाइल कुश्ती में आयुष ने जिला केसरी और फ्री स्टाइल कुश्ती में छछरौली के प्रवीन ने जिला केसरी खिताब अपने नाम किए। प्रतियोगिता में लड़के-लड़कियों के 17 व 21 आयु व सीनियर वर्ग के मुकाबले हुए। इनमें 300 पहलवानों ने हिस्सा लिया।
इनमें अजीजपुर अखाड़ा, शादीपुर गुरुकुल, सत्य साईं जागृति विद्या मंदिर दड़वा, राजकीय उच्च विद्यालय पंचतीर्थी, राजकीय उच्च विद्यालय खुर्दबन, राजीव गांधी खेल स्टेडियम बरसान, हरि ओम शिव ओम पब्लिक स्कूल रादौर, तेजली स्टेडियम अखाड़ा के पहलवान शामिल रहे। सभी ने जीत के लिए खूब दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता ने किया। कुश्ती कोच अमित कुमार व जूनियर कुश्ती कोच रेखा रानी की देखरेख में प्रतियोगिता संपन्न हुई। संवाद