संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। पढ़ो लिखो बढ़ो चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से गांव मांडेवाला में जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, संस्कृति व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान उत्तराखंड के ढकरानी से आईं रेणु गुर्जर ने विशेष अतिथि रहीं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल पर्वतों की भूमि नहीं, बल्कि वीरता, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। यहां की मिट्टी में बलिदान व समर्पण की गाथाएं रची-बसी हैं। हमें उत्तराखंड जैसे राज्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए, जहां लोग कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी अपनी परंपराओं, प्रकृति और मानवता को साथ लेकर चलते हैं। आज जरूरत है कि हम सभी अपने राज्यों की विशिष्टताओं को समझें और देश में एकता, भाईचारा तथा पर्यावरण संतुलन का संदेश फैलाएं।
उन्होंने बताया कि जब हर नागरिक अपने राज्य और देश के प्रति जिम्मेदारी समझेगा, तभी भारत वास्तव में वसुधैव कुटुंबकम की भावना को साकार करेगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने निबंध, भाषण व पोस्टर प्रतियोगिताएं करवाई गई। इनमें देवभूमि उत्तराखंड विषय पर प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
ट्रस्ट के सदस्यों ने ग्रामीणों को शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम पर विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाणपत्र वितरित किए। इस दौरान पुनीत शर्मा, प्रियांशु मित्तल, सरिता, अब्दुल आहद, सपना, रचना, जयपाल सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।