यमुनानगर। छप्पर थाना क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने टाटा सफारी की टक्कर से ऑटो चालक की मौत हो गई। टक्कर लगने के बाद ऑटो सड़क किनारे डिवाइडर से टकराकर पलट गया, जबकि टाटा सफारी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खदान में जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
कन्हैयालाल यमुनानगर के अंबेडकर भवन के रहने वाले थे। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी की शिकायत पर सफारी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव काठवाला निवासी परमजीत सिंह उर्फ पम्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। वह मुस्तफाबाद अनाज मंडी से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था।
विज्ञापन
जब वह छप्पर में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने पहुंचा तो उसके आगे एक ऑटो चल रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई सफेद रंग की टाटा सफारी ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो डिवाइडर से टकराकर पलट गया और सफारी सड़क से नीचे खदान में जा गिरी। शिकायतकर्ता के अनुसार हादसे में ऑटो चालक के सिर और शरीर पर कई जगह चोटें आईं।
वह मौके पर ही बेहोश हो गया। घायल को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया गया। शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में अस्पताल से उसकी मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक की पहचान कन्हैया लाल के रूप में की। थाना छप्पर प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे के कारण की जांच की जा रही है।