संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। भंभौली स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में एक व दो मई को दो दिवसीय राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता करवाई जा रही है। यह प्रतियोगिता इंटर डीपीएस करवाई जा रही है, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों के 40 से ज्यादा दिल्ली पब्लिक स्कूल के खिलाड़ी भाग लेंगे।
स्कूल के प्रवक्ता आशीष कुमार ने बताया कि इंटर डीपीएस नेशनल शूटिंग टूर्नामेंट ओपन श्रेणी में करवाया जा रहा है। यह प्रतियोगिता कुल दो श्रेणियों में होगी। एक श्रेणी 10 मीटर एयर राइफल रहेगी और 10 मीटर एयर पिस्टल श्रेणी के मुकाबले करवाए जाएंगे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना के साथ एकाग्रता, धैर्य, अनुशासन और आत्मनियंत्रण इत्यादि गुणों का विकास करना है।
शूटिंग ऐसा खेल है, जिसमें मानसिक संतुलन, सटीकता व निरंतर अभ्यास की अत्यधिक आवश्यकता होती है और यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि जिले के दिल्ली पब्लिक स्कूल में अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानक अनुरूप शूटिंग रेंज उपलब्ध है, इसी कारण प्रतियोगिता यहां पर करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में है। विद्यालय चेयरमैन रामनिवास गर्ग व प्राचार्या पूर्णिमा वधवा ने बताया कि प्रतियोगिता के खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन व परिवहन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा दर्शकों व अभिभावकों के लिए भी बैठने की भी व्यवस्था की गई है। विजेताओं को ट्रॉफी, पदक व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।