यमुनानगर। आशा वर्कर्स यूनियन तीन फरवरी को अंबाला में स्वास्थ्य मंत्री का घेराव करेंगी। यह निर्णय शनिवार को यूनियन की सीटू व सर्व कर्मचारी संघ की जिलास्तरीय बैठक में लिया गया। इस मौके पर सरकार पर उनकी अनदेखी करने का आरोप लगाया गया।
दशहरा ग्राउंड स्थित संघ कार्यालय में हुई इस बैठक में लिए गए फैसले को जिला प्रधान निरूबाला व जिला कोषाध्यक्ष करमजीत कौर ने मंजूरी दी। उन्होंने कुछ समय के लिए जिला कमेटी के पद से भारमुक्त होकर राजेश कुमारी को कार्यवाहक जिला प्रधान, पूनम देवी को कार्यवाहक जिला सचिव व सीटू कोषाध्यक्ष रामकुमार कांबोज को कार्यवाहक जिला कोषाध्यक्ष बनाया। इसे सभी कमेटी सदस्यों व पदाधिकारियों ने सहमति जताई। इस दौरान संगठन का लेखा जोखा व सदस्यता अभियान पर चर्चा की गई।
यूनियन का बैंक खाता खुलवाने पर भी सहमति बनी। पदभार संभालने वाले पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार लगातार उनकी अनदेखी कर रही है। जिसके लिए यूनियन की ओर से 20 जनवरी को स्वास्थ्य मंत्री का घेराव करने का निर्णय लिया था। परंतु इसे अब स्थगित कर दिया है। अब तीन फरवरी को घेराव आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए खंड स्तर पर टीमों का गठन कर संपर्क अभियान चलाया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव राजेश कुमारी ने की। इस दौरान सीटू नेता विनोद त्यागी, एसकेएस जिला प्रधान महिपाल सौदे, जिला सचिव गुलशन भारद्वाज, मीना देवी, रेखा बकाना, बृजेश, राजरानी ललिता, शालु, लाजवंती, कर्मजीत, सुनीता, रेखा व वरिंद्र मौजूद रहे।