जगाधरी। डॉ. बीआर आंबेडकर मेधावी संशोधित छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों से 17 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। योजना का लाभ लेने के लिए सभी जाति व वर्गों के पात्र विद्यार्थी सरल हरियाणा पोर्टल से आवेदन कर सकते हैं।
डीसी प्रीति ने बताया कि अनुसूचित जाति के दसवीं में शहरी क्षेत्र में 70 और ग्रामीण क्षेत्र में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11वीं या डिप्लोमा/सर्टिफिकेट कोर्स के प्रथम वर्ष में प्रवेश पर आठ हजार रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी। वहीं, 12वीं में निर्धारित अंक प्राप्त करने वालों को स्नातक के लिए आठ हजार, इंजीनियरिंग, तकनीकी व व्यावसायिक कोर्स के लिए नौ हजार और चिकित्सा व चिकित्सा संबद्ध पाठ्यक्रमों के लिए दस हजार रुपये दिए जाएंगे। स्नातक में निर्धारित अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर के लिए नौ हजार से 12 हजार रुपये तक छात्रवृत्ति मिलेगी। पिछड़ा वर्ग-ए के 10वीं में शहरी क्षेत्र में 70 और ग्रामीण क्षेत्र में 60 प्रतिशत अंक, पिछड़ा वर्ग-बी के लिए क्रमश: 80 और 75 प्रतिशत अंक तथा सामान्य वर्ग के लिए 80 और 75 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। पात्र विद्यार्थियों को 11वीं अथवा डिप्लोमा/सर्टिफिकेट के प्रथम वर्ष में प्रवेश पर आठ हजार रुपये प्रतिवर्ष मिलेंगे। संवाद