फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: कन्हैया साहिब से महाराणा प्रताप चौक तक चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

Fri, 17 Jul 2026 01:19 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
चांदपुर के पास बने कट से यातायात नियमों की अनदेखी कर गुजरते वाहन चालक। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

यमुनानगर। जिला सचिवालय में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त प्रीति ने शहर की यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और अधूरे कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उपायुक्त ने कन्हैया साहिब चौक से महाराणा प्रताप चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को प्राथमिकता के आधार पर हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। संबंधित विभाग संयुक्त कार्रवाई कर निर्धारित समय में अभियान पूरा करें। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिले में किन-किन स्थानों पर सबसे अधिक सड़क हादसे हो रहे हैं, इसके कारणों का विस्तृत विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार की जाए।
विज्ञापन

साथ ही दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक उपाय जल्द लागू किए जाएं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था मिल सके।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में महाराणा प्रताप चौक से विश्वकर्मा चौक तक एक ओर लगाई जा रही ग्रील का कार्य अधूरा मिलने पर एडीसी नवीन आहूजा ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभाग और कार्यदायी एजेंसी को फटकार लगाते हुए ग्रील लगाने का काम प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने कहा कि अधूरे कार्यों से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों की नियमित निगरानी और लंबित परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
खराब ट्रैफिक सिग्नल जल्द दुरुस्त होंगे
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर खराब पड़े ट्रैफिक सिग्नलों को जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि सभी सिग्नल लाइटों की जांच कर जहां भी खराबी है, उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी ट्रैफिक सिग्नलों का सही ढंग से संचालित होना जरूरी है। वहीं ट्रैफिक सिग्नल लाइट खराब होने की स्थिति में जल्द समाधान के लिए एक संबंधित एजेंसी द्वारा एक कर्मचारी नियमित तैनात करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन

यातायात प्रवर्तन रिपोर्ट पर जताई नाराजगी
बैठक में यातायात पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रवर्तन रिपोर्ट के आंकड़ों पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में अपेक्षित प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगली बैठक तक प्रवर्तन अभियान को प्रभावी बनाते हुए आंकड़ों में सुधार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें