यमुनानगर। पीपीपी (परिवार पहचान पत्र) में एक के बाद त्रुटियों के नए मामले सामने आ रहे हैं। इसी में अब जगाधरी की विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी सात माह की दुधमुंही बच्ची परिधि की सालाना आय पीपीपी में 1.80 लाख से ढाई लाख रुपये दिखाई गई है। उसके परिवार के लोगों को इसका तब चला जब उन्हें राशन डिपो से मिलने वाला सस्ता राशन मिलना बंद हो गया।
इस पर परिधि के पिता सुखमीत ने जब राशन बंद किए जाने की वजह की जांच कराई तो पता चला पीपीपी में उनके परिवार के प्रत्येक सदस्य की सालाना आय 1.80 लाख से ढाई लाख रुपये दिखाई गई है। इनमें उनकी सात माह की दुधमुंही बेटी परिधि भी शामिल है। सुखमीत के अनुसार वह ई-रिक्शा चलाने का काम करते हैं। उनके परिवार में उनके अलावा पत्नी खुशबू, सात माह की बेटी परिधि, पिता दर्शन लाल और माता सरोज बाला हैं।
उनके पूरे परिवार की सालाना आय एक लाख से कम है, लेकिन पीपीपी में पूरे परिवार की सालाना आय नौ लाख से 12.50 लाख दिखाई गई है। पीपीपी में सालाना आय अधिक दिखाए जाने से उन्हें राशन डिपो से मिलने वाला सस्ता राशन मिलना बंद हो गया है। इसके चलते उन्हें अपने परिवार के भरण पोषण करने में काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है।
सुखमीत ने बताया कि पीपीपी में दिखाई गई आय का ब्योरा ठीक कराने के लिए वे दो माह से भटक रहे थे। अब जाकर पीपीपी में उनकी आय का ब्योरा तो ठीक हो गया है, मगर अभी उन्हें राशन डिपो से सस्ता राशन मिलना शुरू नहीं हुआ है। जिस वजह से उनकी परेशानी अभी बरकरार है। संवाद
गरीब परिवारों से किया जा रहा मजाक
आप कार्यकर्ता कुलविंद्र राणा ने बताया कि परिवार पहचान पत्र में आमदनी को असल से ज्यादा दर्शाने की वजह से कई लोगों के बीपीएल व गुलाबी राशन कार्ड काट दिए हैं। इससे उन्हें पेंशन व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। संबंधित परिवार कभी वार्ड पार्षद तो कभी नगर निगम या अटल सेवा केंद्र के चक्कर काट रहे हैं। इसके बाद भी पीपीपी में उनकी त्रुटियां ठीक नहीं हो रही हैं। इस समस्या को देखते हुए आम आदमी पार्टी के साथियों ने हर सोमवार आप के सेवादार-आप के द्वार मुहिम शुरू की है। जिसके तहत हर वार्ड में आम आदमी पार्टी अपना सेवा केंद्र बनाकर लोगों से संपर्क कर उनका मार्ग दर्शन करने में मदद कर रही है।
पीपीपी की त्रुटियां नगर निगम कार्यालय में ठीक की जा रही हैं। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द सभी पीपीपी की त्रुटियां ठीक की जाएं। - मदन चौहान, मेयर नगर निगम यमुनानगर