संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ब्याज सहित रकम चुकाने पर भी धमकियां देने व परेशान करने के आरोप में पुलिस ने दो शिकायतों पर 10 आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
थाना शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में कल्याण नगर निवासी अमरजीत सिंह उर्फ अंडा ने पुलिस को बताया कि वह मनोचा अस्पताल के बाहर वर्षों से अंडे की रेहड़ी लगाता था। आर्थिक तंगी के समय उसने प्रवीण, अरुण, जयदेव, रवि वाल्मीकि, विकास, जोनी, जोनी पहलवान और श्यामू से थोड़ी-थोड़ी रकम उधार ली थी। अमरजीत के अनुसार पिछले पांच वर्षों में उसने ब्याज सहित उधार ली राशि की अदायगी कर दी है। इसके बाद भी यह लोग कह रहे हैं कि आधी रकम बकाया है। रुपये न देने पर उसे जान से मारने व झूठे केस में फंसाने की धमकियां दे रहे हैं। उनके डर के कारण मजबूरी में अंडे की रेहड़ी बंद करनी पड़ी।
जांच अधिकारी राजीव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है। थाना सेक्टर-17 पुलिस को दी शिकायत में गांव दड़वा निवासी सुमेरचंद ने बताया कि चार साल पहले उसने भाई चरणदास व लक्ष्मी से 45 हजार रुपये उधार लिए थे। उस समय दोनों ने उससे सुरक्षा के नाम पर बैंक के दो खाली चेक ले लिए थे।
सुमेरचंद का आरोप है कि उसने 34 हजार रुपये लौटा दिए, पर चरणदास व लक्ष्मी रुपये लेने से मुकर गए। उल्टा उसके चेक में एक लाख 45 हजार रुपये भरकर बैंक से बाउंस करवा दिया और उस पर केस कर दिया। समझौते के नाम पर उससे एक लाख रुपये और वसूलना चाहते हैं। जांच अधिकारी रणबीर ने बताया कि मामला दर्ज कर विवेचन शुरू कर दी गई है।