संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। अनाज मंडी के आढ़ती अनिल अग्रवाल ने अपने नौकर गुरमेल पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी। आरोप है कि समझौता करने के लिए नौकर ने तीन लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने पर आरोपी जहर खाकर जान देने की धमकी देने लगा। पुलिस ने गुरमेल पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रतापनगर निवासी अनिल अग्रवाल ने बताया कि वह सेक्टर-18 जगाधरी में रह रहा है। उनकी प्रतापनगर अनाज मंडी में दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी व बिलासपुर अनाज मंडी में गुरु नानक ट्रेडिंग कंपनी के नाम से आढ़त है। उनके पास बक्करवाला गांव का गुरमेल वर्ष 2014 से 2022 तक बतौर ड्राइवर कार्य कर रहा था। उसे पता चला था कि गुरमेल ने कई बार रुपयों के लेन देन में गड़बड़ी की थी। जिस पर उसे नौकरी से निकाल दिया। एक वर्ष के बाद गुरमेल 31 जुलाई को उसके पास आकर गलती मानते हुए माफी मांगने लगा। माफ करते हुए उसने दोबारा गुरमेल को नौकरी पर रख लिया। अनिल अग्रवाल ने बताया कि बिलासपुर मंडी में उनकी दुकान पर काम करने वाले मुनीम अंकित की नवंबर माह में शादी थी। अंकित ने उनसे छह लाख रुपये उधार लिए थे। यहीं पर एक अन्य नौकर शिवम भी नौकरी करता था। आरोप है कि गुरमेल ने अक्तूबर माह में अंकित व शिवम को अपने साथ जगाधरी अग्रसेन चौक पर बुलाया। जहां उन्हें शराब पिलाई। अंकित को बातों में उलझाते हुए कहा कि वह उधार लिए गए छह लाख रुपये न लौटाने को कहा। अंकित ने यह बात उन्हें बता दी। उसने गुरमेल से बात की तो वह नौकरों को ही गालियां देने लगा। धमकी दी की वह उन पर झूठा केस दर्ज करवा देगा। इसी रंजिश में 16 दिसंबर को गुरमेल व उसकी पत्नी जबरदस्ती कार्यालय में घुस आए और उनके साथ मारपीट करने लगे। लोगों ने उसे छुड़ाया। बाद में गुरमेल ने उसके खिलाफ ही झूठी शिकायत कर दी और समझौते के नाम पर तीन लाख रुपये मांगे।