संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने शुक्रवार को राजकीय पशु चिकित्सालय सरस्वती नगर में आयोजित समारोह में भाग लिया। इस दौरान जिले के 10 नवनिर्मित राजकीय पशु चिकित्सा संस्थानों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पशुपालकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री ने बताया कि राजकीय पशु चिकित्सालय सरस्वती नगर, चाहड़वाला, छछरौली, जगाधरी तथा विभिन्न क्षेत्रों में नए भवनों का निर्माण कराया गया है। साथ ही लेदी, चमरौड़ी, मुंडा खेड़ा, सरांवा और बहादुरपुर में राजकीय पशु औषधालय भी स्थापित किए गए हैं। सरस्वतीनगर के पशु चिकित्सालय भवन के निर्माण पर 34.76 लाख रुपये खर्च हुए हैं, जिससे क्षेत्र के नौ गांवों के करीब 3,857 पशुओं को सीधा लाभ मिलेगा।
मंत्री राणा ने कहा कि पहले पशुपालकों को पशुओं के उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। अब इन संस्थानों के शुरू होने से उपचार, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और अन्य आवश्यक पशु स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।
पशुपालन विभाग के महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने कहा कि विभाग प्रदेशभर में पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उपनिदेशक डॉ. रणजीत सिंह जादौन ने विभागीय योजनाओं और जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. सतबीर धनिया, डॉ. नरेंद्र शर्मा, विशाल कुमार, पवन कुमार, सत्यवान सिंह, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।