जगाधरी। मांगों को लेकर जिले के सभी मंडी की आढ़ती एसोसिएशन ने बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया है। इस दौरान अनाजमंडी में धान की कोई ट्राली नहीं उतारी जाएगी और न ही खरीद की जाएगी। यह निर्णय अनाजमंडी एसोसिएशन, आढ़ती एसोसिएशन व राइस मिलर एसोसिशन की ओर से मंगलवार को आयोजित बैठक में लिया गया। तीनों संगठनों की बैठक लघु सचिवालय के सामने स्थित जगाधरी अनाजमंडी में बुलाई गई थी।
बैठक में सभी पदाधिकारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहने की घोषणा की है। पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती मंडी में न तो कोई ट्राली से धान उतारा जाएगा और न ही तोल होगी। वहीं छछरौली अनाज मंडी एसोसिएशन ने भी राइस मिलर्स एसोसिएशन के फैसले पर अपनी सहमति जताई है।
राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रधान प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि यदि सरकार राइस मिलरों की मांगें नहीं मानती तो सभी एसोसिएशन हड़ताल पर रहेंगे। आढ़ती एसोसिएशन के जिला प्रधान शिवकुमार व जिला उप प्रधान प्रवीण बटार ने कहा कि जब तक राइस मिलर्स की हड़ताल की समाप्त नहीं होती, तब तक मंडी में व्यवस्था नहीं बन पाएगी। मंडी धान से अटी पड़ी है। उठान नहीं हो रहा है। धान रखने की जगह नहीं है और सभी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अनाजमंडी एसोसिएशन और आढ़ती एसोसिएशन भी हड़ताल पर रहेंगे। जब तक राइस मिलर एसोसिएशन की मांगें पूरी नहीं होती, तब तक वे भी हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान प्रवीण अग्रवाल, प्रवीण बटार, मनीष कांबोज, जगमाल शेरपुर आदि भी मौके पर मौजूद रहे।
धान का उठान न होने से आढ़ती परेशान
छछरौली। खारवन व छछरौली अनाज मंडियों में सरकारी खरीद एजेंसियों की तरफ से खरीदी गई धान का उठान नहीं किया जा रहा है। इससे मंडी के आढ़ती परेशान हैं। छछरौली अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान नागेश चंद प्रेम शाह, आढ़ती जगमाल, गुरुदयाल आदि ने बताया कि अनाज मंडियों में सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा धान की खरीद तो की गई है, लेकिन सदस्यों द्वारा खरीद की गई धान का उठान नहीं किया गया। इसकी वजह से आढ़ती वर्ग के लोग काफी परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा खरीदे गए धान की समय रहते उठान होते रहना चाहिए, नहीं तो मंडियों में जाम का माहौल उत्पन्न हो जाएगा। इसकी वजह से आढ़ती और किसान वर्ग के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इस बारे में मार्केट कमेटी के सचिव संत कुमार ने बताया कि छछरौली अनाज मंडी में दो दिन में 34000 क्विंटल धान की खरीद की गई। वहीं प्रताप नगर में 39257 और खारवन अनाज मंडी में 4829 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि अभी तक सरकारी खरीद एजेंसी द्वारा उठान नहीं किया गया है।