जगाधरी। जिला बार एसोसिएशन परिसर में स्थापित राधा रानी मंदिर में शनिवार को भगवान श्रीकृष्ण की शक्ति स्वरूपा राधा रानी का जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भजन संकीर्तन करवाया गया, जिसमें अधिवक्ताओं और अन्य श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरा पंडाल वृंदावन की छटा बिखेरता नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अधिवक्ता परिषद प्रधान दिनेश चौहान ने गणेश वंदना और ज्योति प्रज्ज्वलित करके किया। इस दौरान सभी के सुख-शांति की कामना की गई। इसके बाद भजन सम्राट अरुण भगीरथी ने राधा रानी को प्रसन्न करने वाले भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर अधिवक्तागण झूमने के लिए विवश हो गए। श्रद्धालुओं ने भक्ति में लीन होकर राधा रानी का गुणगान किया।
प्रधान दिनेश चौहान ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए परमपिता परमात्मा का आभार व्यक्त करना चाहिए। युवाओं को कुसंगति से दूर रहकर माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए। अधिवक्ता केवल कृष्ण सैनी ने राधा कहा कि युवा पीढ़ी को धर्म से जुड़कर आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करना चाहिए। कार्यक्रम में कुलदीप सिंह, शक्ति कुमार, जसमेर, पवन कुमार, अशोक बाली का सहयोग रहा। वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल अग्रवाल ने श्रद्धालुओं को राधा रानी का प्रिय पान और प्रसाद वितरित किया।