संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कुरुक्षेत्र राज्य मार्ग पर औरंगाबाद गांव के पास ट्रक ने एक्टिवा सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आत्मापुरी कालोनी निवासी सतेंद्र सिंह ने बताया कि वह इस्जैक कंपनी में नौकरी करता है। उसके साथ मूल रूप से बिहार के जिला सारण के गांव करन कुडरिया निवासी 30 वर्षीय आनंद कुमार सिंह भी नौकरी करता था। वह फिलहाल आत्मापुरी कालोनी में रह रहा था। मंगलवार को आनंद के साथ एक्टिवा पर दवा लेने के लिए दामला स्थित ईएसआई डिस्पेंसरी गया था।
वहां से दवा लेकर लौट रहे थे। जब गांव औरंगाबाद के पास पहुंचे। तभी तेज गति से ट्रक आया। आरोपी चालक ने लापरवाही से चलाते हुए ट्रक से एक्टिवा में टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित हाेकर एक्टिवा सहित वे दोनों नीचे सड़क पर जा गिरे। आनंद पक्की सड़क पर गिरा। ट्रक का पहिया आनंद की टांगों व पेट के ऊपर से निकल गया।
राहगीरों की मदद से वह आनंद को अस्पताल में लेकर चला, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। चालक को बाद में पुलिस ने पकड़ा। चालक की पहचान गांव बींड निवासी प्रवीण कुमार के रूप में हुई। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।