यमुनानगर। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की दुकान को बेचने के नाम पर साढ़े 22 लाख रुपये ठगने के आरोपी महमूदपुर निवासी पन्नी लाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नालागढ़ का माजरा निवासी संजीव कुमार के पिता शाम लाल के साथ दुकान का सौदा कर ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
नालागढ़ का माजरा निवासी संजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पिता शाम लाल ने वर्ष 2013 में महमूदपुर निवासी पन्नी लाल के साथ इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की दुकान का सौदा साढ़े 36 लाख रुपये में तय किया था। इसमें से छह लाख रुपये बतौर बयाना के तौर पर आरोपी को दे दिए थे। कुछ समय बाद पूरी राशि देने का वादा हुआ था। तय समय पर आरोपी को साढ़े 6 लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये चेक के माध्यम से दे दिए। आरोपी ने शपथपत्र दिया था कि वह दुकान को उनके हक में ट्रांसफर करा देगा। इस तरह से कई वर्ष बीत गए। आरोपी टाल मटोल करता रहा। वर्ष 2016 में शाम लाल का निधन हो गया। जिस पर उनके बेटे संजीव ने आरोपी पन्नी लाल से बात की, तो वह कुछ समय मांगने लगा। बाद में संजीव कुमार को पता लगा कि नगर निगम ट्रस्ट सेल जगाधरी-यमुनानगर में 13 बूथों की राशि बूथ होल्डर द्वारा जमा नहीं कराई गई है। जिस पर उन बूथों को जब्त कर लिया गया। इसमें उनकी दुकान थी। जिसका पैसा आरोपी पन्नी लाल ले चुका था। जब आरोपी से इस बारे में बात की, तो वह गाली गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में सेक्टर 17 थाना पुलिस ने अप्रैल 2021 में केस दर्ज किया था।