रादौर। सराफा कारोबारी से तीन लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस सोमवार को दोनों आरोपियों को निशानदेही के लिए मेन बाजार लेकर पहुंची। थाना रादौर प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम सोनीपत निवासी पवन कुमार और इंद्री निवासी रवि को घटनास्थल पर लेकर आई।
पुलिस के सामने दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की पूरी जानकारी दी। निशानदेही के दौरान आरोपियों ने मेन बाजार में लोगों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी। दोनों ने कहा कि उनसे बहुत बड़ी गलती हो गई है। उन्होंने लोगों से अपराध की दुनिया में नहीं जाने की अपील करते हुए कहा कि अपराध का अंजाम बहुत बुरा होता है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि चार जुलाई की रात करीब आठ बजे शाकंभरी ज्वैलर्स के मालिक अमित गुप्ता दुकान बंद करके घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें बंदूक के बल पर धमकाया और रुपये से भरा बैग छीन लिया था। बैग में करीब तीन लाख रुपये थे। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने कुछ ही दिनों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को पुलिस ने वारदात की कड़ियों को जोड़ने के लिए दोनों से घटनास्थल की निशानदेही कराई।