कुरुक्षेत्र-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर यमुनानगर रोडवेज की बस का टायर पंक्चर होने से बस सामने से आ रही कार और फिर पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस और कार के चालक की मौत हो गई। बस में सवार करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए, जिनमें दस यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। मृतक कार चालक कुरुक्षेत्र और बस चालक यमुनानगर का रहने वाला था।
शनिवार दोपहर यमुनानगर डिपो की बस दिल्ली से यमुनानगर आ रही थी। रत्नगढ़ गांव के नजदीक अचानक बस का अगला टायर पंक्चर हो गया। बस बेकाबू होकर सामने से आ रही आल्टो कार से जा टकराई और फिर सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर रुक गई। बस में सवार करीब दो दर्जन यात्री बुरी तरह घायल हो गए।
वहीं करीब एक दर्जन को मामूली चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल हुए बस चालक जगदीश (50) और कार चालक कुरुक्षेत्र के सेक्टर 13 निवासी निवासी मुनीष गर्ग की हादसे के कुछ देर बाद ही मौत हो गई। अधिकतर घायल यमुनानगर, दिल्ली और करनाल के रहने वाले हैं। चार घायल चेन्नई के हैं, जो दिल्ली से यमुनानगर आ रहे थे।
ये हुए घायल
चेन्नई के माधवरम उडयार निवासी विद्यासागर, कुमारेशन, उदय कुमार व मनोज, काली मंदिर जगाधरी निवासी सुमन लता, गोपालगंज (यूपी) निवासी ईश्वर यादव, गांधीनगर निवासी दीपक, घरौंडा (करनाल) निवासी सरबती देवी व कविता, सबलपुर (साढौरा) निवासी सतपाल, सीमा, सुमन, निर्मल, कमल, ईएसआई अस्पताल कैंपस जगाधरी निवासी रजनी, हरबर्ट (देहरादून) निवासी पायल, शंकरपुर दिल्ली निवासी समीर आनंद, लाजपत नगर निवासी प्रेम दर्शन, नगला जागीर निवासी दर्शन, कांसापुर निवासी रामपाल (बस कंडक्टर) व दिल्ली निवासी प्रेम कश्यप घायल हो गए। इनका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। इसके अलावा पौंटा साहिब निवासी शिखा और यमुनानगर के कैंप निवासी सविता भी घायल है जो निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
नींद खुली तो खुद को घायल पाया
लंबे सफर में बस में सवार अधिकतर यात्री सोए हुए थे। हादसे के बाद जब झटका लगा और आवाज सुनाई दी तो सभी यात्रियों की नींद खुल गई। इनमें से अधिकतर ने खुद को घायल अवस्था में पाया। अधिकतर यात्रियों को यह भी पता नहीं था कि हादसा कैसे हुआ, कहां हुआ।
चेन्नई के चार दोस्त घायल
चेन्नई के माधवरम उडयार निवासी विद्यासागर व कुमारेशन दिल्ली के रोहिनी सेक्टर 3 स्थित एलएनजेएन नेशनल इंस्टीट्यूट आफ क्रिमनलॉजी एंड फोरेंसिक साइंस में एमए क्रिमनलॉजी के छात्र हैं। यमुनानगर में बिजनेस के सिलसिले से उनके पास चेन्नई से ही उनके दोस्त उदय कुमार और मनोज आए। सुबह दिल्ली से चारों दोस्त बिजनेस के सिलसिले से बस में सवार में होकर यमुनानगर आ रहे थे। जब हादसा हुआ तो तीन दोस्त आगे से दूसरे नंबर की सीट पर बैठे हुए थे।
छुट्टियां बिताकर गांव लौट रहा था परिवार
हादसे में सबलपुर से बच्चों की छुट्टियों में अपने पैतृक घर गांव सोनीपत में गए एक परिवार के छह सदस्य भी घायल हुए जिनमें चार बच्चे शामिल हैं। सबलपुर निवासी सतपाल अपनी पत्नी सीमा, बेटा राहुल, निर्मल, बेटी सुमन और एक वर्षीय कमल को साथ लेकर गर्मियों की छुट्टियों में सोनीपत अपने पैतृक घर में गए थे।
एक घंटे तक लगा रहा जाम
हादसे के बाद सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे के बीचोंबीच आल्टो कार फंस गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इससे हाईवे पर जाम लग गया। हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम को खुलवाया। इस दौरान हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।