संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांव सुढैल गांव के नजदीक से गुजर रहे एनएच-344 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के जिला जलपाईगुड़ी निवासी 32 वर्षीय सूरज टोपो के रूप में हुई है।
सूरज पेशे से माली था और करीब एक साल से जम्मू-कश्मीर में काम कर रहा था। हादसे की सूचना मिलने पर पश्चिम बंगाल से परिजन यमुनानगर पहुंचे और फर्कपुर थाना पुलिस को शिकायत सौंपते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता आर्यन कारवा निवासी नागरा काटा नया सैली चाय बागान, जिला जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल ने बताया कि सूरज टोपो चार भाई-बहनों में से एक था। करीब एक माह पहले वह परिवार से मिलने अपने गांव आया था। 11 जनवरी को न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर वह वापस जम्मू-कश्मीर अपने काम पर लौट रहा था। 15 जनवरी की शाम को सूरज की अपनी बहन निशा करवा से मोबाइल फोन पर बात हुई थी।
इस बातचीत में सूरज ने बताया था कि उसका बैग ट्रेन में छूट गया है। अगले ही दिन 16 जनवरी को यमुनानगर पुलिस की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि किसी अज्ञात वाहन से हुए हादसे में सूरज टोपो गंभीर रूप से घायल हो गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही शिकायतकर्ता आर्यन कारवा अपने चचेरे भाई अनिकेत कछवा के साथ यमुनानगर पहुंचा।