संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्टॉप डायरिया अभियान की शुरुआत सोमवार को सिविल सर्जन डाॅक्टर मंजीत सिंह ने की। यह अभियान एक जुलाई से 31 अगस्त तक चलाया जाएगा। इस दौरान लोगों को मुफ्त में ओआरएस दिया जाए।
डाॅ. मंजीत सिंह ने बताया की बारिश के शुरू होते ही डायरिया के मरीज बढ़ते है। पांच साल के बच्चों को दस्त संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हर साल पांच साल कि उम्र के छह प्रतिशत बच्चे दस्त से दम तोड़ते हैं। जिले में सभी स्वास्थ्य केंद्रों व आंगनबाड़ी सेंटर में ओआरएस और जिंक निशुल्क उपलब्ध रहेगी। एएनएम व आशा वर्करों द्वारा सभी अभिभावकों को रोकथाम व उपचार के बारे में जागरूकता की जानकारी दी जाएगी।
सिविल सर्जन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि खाना बनाने से पहले, शौच के बाद हाथ साबुन से धोएं। साफ पीने के पानी का उपयोग करें। बच्चे को रोटावायरस तथा खसरा जैसी बीमारियों का टीका सही समय पर लगवाएं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. पुनीत कालड़ा ने बताया कि स्टॉप डायरिया अभियान के तहत सभी स्वास्थ्य केंद्रों व आंगनबाड़ी सेंटर में ओआरएस व जिंक कॉर्नर बनाए जाएंगे। बच्चे को तीन या इससे ज्यादा बार पतला मल होनेस्वास्थ्य केंद्र या आंगनबाड़ी में संपर्क करें।
ओआरएस के पैकेट को एक लीटर उबले हुए स्वच्छ पानी में मिलाकर बच्चे को घोल पिलाएं। स्वास्थ्य विभाग अभिभावकों को ओआरएस और जिंक की को-पैकेजिंग व पंपलेट वितरित किए जाएंगे। बच्चे द्वारा स्तन पान न करना, सब कुछ उल्टी कर देना, मल में खून आना, बुखार होना या छूने पर ठंडा लगना, तेजी से सांस लेना, दौरा पड़ने लक्षण होने पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। इस अवसर पर डाॅ. संजय राठी, डॉ. चारू कालड़ा व सिविल सर्जन कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।