साढौरा। साढौरा थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर के पास तेज रफ्तार कार ने दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई जबकि उसका पति घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव महमूदपुर निवासी रवि कुमार ने साढौरा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 15 मार्च को शाम साढ़े पांच बजे अपनी पत्नी 34 वर्षीय मीनू देवी के साथ किसी काम से जा रहा था। इस दौरान जब वे गांव के बाहर सड़क पर पहुंचे तो तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से भाग गया। लोगों ने हादसे की सूचना डायल 112 पुलिस टीम को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर इलाज के दौरान उसकी पत्नी मीनू देवी की मौत हो गई। संवाद