संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर/रादौर। करनाल की असंध सीआईए टीम पर मंगलवार शाम डेहा बस्ती में उस समय हमला हो गया, जब पुलिस एनडीपीएस एक्ट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले जा रही थी। सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों की भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया। भीड़ ने लाठी-डंडों से हमला व ईंट-पत्थरों से पथराव कर आरोपी को छुड़ा लिया। हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं पुलिस वाहनों को भी क्षति पहुंचाई गई। घायल पुलिस कर्मियों सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
असंध सीआईए की आठ सदस्यीय टीम मंगलवार शाम करीब छह बजे डेहा बस्ती पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित आरोपी राजेंद्र कुमार बंगाली बस्ती में ठहरा हुआ है। टीम ने उसे पुलिया के पास से पकड़ कर वाहन में बैठा लिया, लेकिन तभी बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और आरोपी को जबरन छुड़ा लिया।
आरोप है कि भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान स्कॉर्पियो और स्विफ्ट वाहन के शीशे भी तोड़ दिए गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश राणा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कई लोग घरों पर ताला लगाकर मौके से भाग चुके थे। घायल पुलिसकर्मियों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
सीआईए प्रभारी एसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि राजेंद्र कुमार के खिलाफ 30 अप्रैल को एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज हुआ थी और वह लंबे समय से वांछित चल रहा था। थाना प्रभारी राजेश राणा ने बताया कि सीआईए की शिकायत के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और वांछित आरोपी सहित पुलिस पर हमला करने के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
देर रात तक पुलिस करती रही हमलावरों की तलाश
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देर रात तक रादौर थाना पुलिस और अन्य टीमों ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए डेहा बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में छापा मारा। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एनडीपीएस के आरोपी को गिरफ्तार करने आई पुलिस टीम ने शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पथराव और पुलिस पर हमले की घटना में जो भी शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। - कमलदीप गोयल पुलिस अधीक्षक यमुनानगर
रादौर के छोटाबांस में पुलिस की टीम पर पथराव करते लोग। सोशल मीडिया
रादौर के छोटाबांस में पुलिस की टीम पर पथराव करते लोग। सोशल मीडिया