यमुनानगर। मंदिर में पूजा अर्चना करने जा रहे व्यक्ति पर तीन युवकों ने पीछे से सिर में रॉड मारकर घायल कर दिया। जब व्यक्ति ने बाइक रोकी तो आरोपियों ने रॉड व पाइप से जमकर पिटाई की। जिससे वह बेहोश हो गया। घायल का आरोप है कि उस पर उसके मकान मालिक के रसोइये व चौकीदार ने हमला करवाया है। क्योंकि उसने मकान पर बाहरी लोगों को बुलाने पर उनकी शिकायत मकान मालिक को की थी। पुलिस ने मामले में तीन युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन निवासी सुभाष चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मित्तल प्लाईवुड फैक्टरी औद्योगिक क्षेत्र के मालिक नमेश मित्तल के मकान में किराये पर रहता है। जिस मकान में रहता है, वहां नमेश मित्तल ने मंदिर बनाया हुआ है। इसके अलावा नमेश ने एक मंदिर अपनी फैक्टरी में बनाया हुआ है। सात जुलाई की शाम को वह मित्तल प्लाईवुड में बने मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए घर से बाइक पर निकला था। जब वह मॉडल टाउन में दशहरा ग्राउंड के पास पहुंचा तो पीछ से बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। आते ही आरोपियों ने पीछे से उसके सिर में रॉड से हमला कर दिया। उसने तुरंत बाइक रोकी। बाइक रुकते ही आरोपियों ने रॉड, पाइप व डंडे से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। जिसमें वह घायल होकर बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो वह निजी अस्पताल में था। आरोप है कि उस पर उसके मकान मालिक के चौकीदार व खाना बनाने वाले ने हमला करवाया है। आरोपी मकान पर बाहरी लोगों को बुलाते है। इस बारे में उसने मकान मालिक को बताया था। आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपियों ने उसपर हमला कराया है। इसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।