गुरु रविदास मंदिर में परमजीत सिंह चंगनौली को सम्मानित करते महंत निर्मल दास। स्वयं
यमुनानगर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 649वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में गांव शहजादपुर के समस्त ग्रामवासियों की ओर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में गुरु रविदास जी महाराज व संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की सुंदर सजी पालकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री गुरु रविदास मंदिर कमेटी शहजादपुर के प्रधान हरीश पाल व दर्शन लाल ने बताया कि शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से शुरू होकर कई गांवों से होती हुई पुनः मंदिर में संपन्न हुई। पालकी के आगे सेवादारों ने सफाई व जल छिड़काव की सेवा निभाई, जबकि श्रद्धालु निशान साहिब लेकर गुरु रविदास जी की शब्द बाणी का गुणगान करते चले। शोभायात्रा में महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि 1 फरवरी को गांव शहजादपुर में प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर हवन, नगर परिक्रमा, विशाल भंडारा तथा 31 जनवरी की रात को जागरण का आयोजन किया जाएगा। प्रभात फेरियां 20 जनवरी से 31 जनवरी तक प्रतिदिन निकाली जा रही हैं। आयोजकों ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज के समानता, भाईचारे और मानवता के विचार आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।