जगाधरी। सीबीएसई स्कूलों को अब नौवीं और दसवीं कक्षा की परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद ही मिलेगा। इसके लिए सीबीएसई ने बाकायदा अलग से साइट तैयार की है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन के अधिकारियों का कहना है कि स्कूलों के प्रश्नपत्र एक-दूसरे से भिन्न हों इसलिए यह कदम उठाया गया है। योजना का मुख्य उद्देश्य परीक्षा में पारदर्शिता लाना है।
पहले यह थी प्रक्रिया
पहले नौंवी और दसवीं कक्षा की परीक्षा के लिए सीबीएसई की ओर से एक सीडी में प्रश्नपत्रों का सेट डालकर भेजा जाता था जिससे शिक्षक अपने-अपने विषय का एक प्रश्नपत्र तैयार करते थे या फिर सीबीएसई द्वारा भेजे गए प्रश्नपत्र के सेट में से एक प्रश्नपत्र निकालकर उसे परीक्षार्थियों को दे देते थे। इस प्रक्रिया में कई बार एक स्कूल के प्रश्नपत्र का दूसरे स्कूल के साथ मिलान हो जाता था। यही वजह थी कि विद्यार्थी और अभिभावक एक-दूसरे के स्कूल का प्रश्नपत्र लेने के लिए इधर से उधर दौड़ते नजर आते थे।
अब रहेगी पारदर्शिता
सीबीएसई के अधिकारियों ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे नौवीं और दसवीं कक्षा की एसए-2 (समेटिव असेसमेंट ) परीक्षा के लिए उन्हें सीबीएसई की वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसके उपरांत सीबीएसई की ओर से प्रत्येक स्कूल को अंग्रेजी, हिंदी, मैथ, साइंस और सामाजिक विज्ञान विषय से संबंधित दो-दो प्रश्नपत्र ऑनलाइन भेजे जाएंगे। इन प्रश्नपत्रों के आधार पर प्रत्येक स्कूल नया प्रश्नपत्र तैयार कर सकता है या फिर उनमें से किसी एक का उपयोग कर सकता है। योजना के तहत प्रत्येक स्कूल को अलग-अलग प्रश्नपत्र भेजे जाएंगे। जिसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब एक स्कूल का दूसरे स्कूल के साथ प्रश्नपत्र मिलान नहीं हो पाएगा। अगर किसी कारणवश किसी स्कूल की डेटशीट आगे पीछे हो गई तो भी उससे कोई फर्क नहीं पडे़गा क्योंकि सभी स्कूलों के प्रश्नपत्र अलग-अलग रहेंगे।
शुक्रवार से रजिस्ट्रेशन का काम शुरू
सरस्वती पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल दीपक सिंगला ने बताया कि शुक्रवार से सीबीएसई की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन का काम शुरू हो चुका है। इसके लिए बाकायदा सीबीएसई की वेबसाइट पर नोटिफिकेशन भी दिया गया है।
ऑनलाइन भेजा जाएगा प्रश्नपत्र
सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी आरजे खांडेराव ने बताया कि पहले सीबीएसई सीडी में प्रश्नपत्र का सेट डालकर भेजती थी लेकिन इस बार सीडी की जगह ऑनलाइन प्रश्नपत्र भेजा जाएगा।