यमुनानगर। भैयादूज पर भाइयों ने अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अपने निजी वाहनाें का सहारा तो लिया ही। साथ ही बसों में भी काफी भीड़ भड़ाका देखा गया। बसों के अंदर तो सवारियां खचाखच भरी थीं। छतों पर यात्रा करने वालों की कमी नहीं देखी गई। जान जोखिम में डालकर लोग बसाें की छतों पर लदकर अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचे। हाथों में भारी भरकम सामान व बसों में पर्याप्त भीड़ के चलते हर किसी को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा।
टिकट विंडो पर रही अफरा तफरी
भैयादूज के अवसर पर बस स्टैंड पर तो अफरातफरी देखी गई, लेकिन रेलवे स्टेशन पर भी कम भीड़ नहीं थी। टिकट लेने के लिए खिड़की पर लंबी कतारें देखी गईं। एक-दूसरे से पहले टिकट लेने की होड़ सवारियों में लगी हुई थी। भैयादूज लेकर जाने के लिए बस स्टैंड पर आए टिकट लेने के लिए खड़े यात्री आयुष, पंकज, बलदेेव सिंह, प्रताप चंद, रोशन लाल, विशाल, मेहर चंद, गुरमेल सिंह व प्रदीप कुमार ने बताया कि वह टिकट लेने के लिए 20 मिनट खड़े रहे, परंतु कुछ लोग जानकारी का फायदा उठाते हुए नंबर आने से पहले टिकट लेते बने। इसके चलते उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उनका कहना था कि बसों की संख्या कम होने के कारण हर किसी को अपने गंतव्य पर जाने की होड़ मची हुई है। वहीं किसी भी अप्रिय घटना से जूझने के लिए मौके पर पुलिस कर्मी भी तैनात देखे गए और संबंधित विभाग की ओर से भी पुख्ता प्रबंध दिखाई दिए। इसके बाद भी सवारियों में काफी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
रक्षाबंधन की तरह होनी चाहिए फ्री बस सुविधा
यमुनानगर बस स्टैंड पर भैयादूज लेकर जाने के लिए तैयार खड़े रोशन लाल, कुलभूषण सैनी, विरेंद्र कुमार, गौरव शर्मा, राहुल शर्मा का कहना है कि सरकार रक्षाबंधन की तरह भैयादूज पर भी बस सेवा फ्री करनी चाहिए, वह इसका लाभ उठा सकें। उनका कहना था कि कई लोग गरीब परिवार से संबंध रखते हैं, जो किराया देने में असमर्थ होते हैं।