संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सेक्टर 17 निवासी महिला टीचर दीप कौर से एक व्यक्ति ने ब्रिटेन की नागरिकता दिलाने का झांसा देकर 96 हजार रुपये ठग लिए। महिला टीचर की आरोपी से फेसबुक पर जान पहचान हुई थी। आरोपी ने आईडी मोबाइल नंबर पर बनाई हुई थी। न ही आरोपी ने अपना नाम महिला को बताया था। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
सेक्टर-17 निवासी दीप कौर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह निजी स्कूल में पढ़ाती है। उसकी कुछ दिन पहले फेसबुक पर एक व्यक्ति से बात हुई थी। उसने आरोपी से नागरिकता करवाने की बात कही। आरोपी ने उससे कहा कि वह लोगों की निशुल्क सेवा करता है। इसके लिए वह शुल्क नहीं लेता। वह आरोपी व्यक्ति की बातों में आ गई। आरोपी ने उससे उसकी फोटो, दस्तावेज व पासपोर्ट ले लिया। आरोपी ने कहा था कि कुछ और दस्तावेजों की जरूरत होगी तो वह घर आकर ले जाएगा।
आरोपी ने 28 दिसंबर 2020 से 30 दिसंबर तक उसको अपनी बातों में उलझा कर उससे 96 हजार रुपये ऐंठ लिए। कुछ दिन पहले आरोपी ने उसे कहा था कि वह कुछ दस्तावेज लेने घर आएगा। इसके बाद नागरिकता दिलवा दूंगा। अब न तो आरोपी से फेसबुक पर संपर्क हो रहा है और न ही उसका मोबाइल नंबर लग रहा है। महिला टीचर ने खुद के साथ ठगी होने का अहसास होने पर इसकी शिकायत पुलिस को दी। थाना प्रभारी राकेश राणा का कहना है कि शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।