संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। कस्बे के मुख्य बाजार में सार्वजनिक शौचालय नहीं है। इससे ग्राहकों व दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक समस्या बाजार में खरीदारी करने के लिए आने वाली महिलाओं को होती है। दुकानदारों ने बाजार में सार्वजनिक शौचालय बनाने की मांग की है।
दुकानदारों का कहना है कि कुछ दुकानदारों के घर पास में हैं, जिसके चलते वे लघु शंका के लिए घर चले जाते हैं। अधिकतर दुकानदारों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। उन्हें अपनी दुकान बंद कर घर की दौड़ लगानी पड़ती है। घर दूर होने के कारण आने जाने में काफी समय बर्बाद होता है। वहीं ग्राहकों भी मुश्किल का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में दुकानदार एकत्र होकर नगर पालिका अधिकारियों के पास भी जा चुके हैं। समस्या का कोई समाधान नहीं होने से दुकानदारों में रोष है। दुकानदारों से बाजार में सार्वजनिक शौचालय बनाने या मोबाइल टॉयलेट रखने की मांग की है।
दुकानदार कपिल जैन ने बताया कि सरकार की ओर से स्वच्छता मिशन के तहत लोगों को खुले में शौच न करने के लिए जागरूक किया जाता है, लेकिन मुख्य बाजार में सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से दिक्कत होती है। लघुशंका के लिए अपनी दुकान बंद कर घर की दौड़ लगानी पड़ती है। इससे आने-जाने में समय खराब होता है।
दुकानदार धीरज बिंदल ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय नहीं होने के कारण काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। शहर के मुख्य बाजार व पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में कहीं भी सार्वजनिक शौचालय नहीं है। यहां के दुकानदारों को काफी कठिनाई होती है। नगर पालिका को भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराना चाहिए।
मनोज कालरा ने बताया कि बाजार में मूलभूत सुविधाएं नहीं है। इससे बाजार के दुकानदार काफी दिनों से जूझ रहे हैं। कई बार शौचालय बनवाने के लिए कहा भी जा चुका है, लेकिन इस ओर अभी तक ध्यान नहीं दिया गया। बाजार में नगर पालिका द्वारा शौचालय बनवाया जाए।
अरुण बंसल ने कहा कि बाजार में एक सार्वजनिक शौचालय बनाया जाना चाहिए। शौचालय न होने से दुकानदारों के अलावा खरीदारी करने आए लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शौचालय नहीं होने के गंदगी के हालात हैं। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बना है।
अंकित अग्रवाल ने कहा कि सार्वजनिक शौचालय नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय नही होने के कारण गंदगी भी फैल रही है। ऐसे में नपा को इस ओर ध्यान देते हुए जल्द से जल्द बाजार के आसपास सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया जाना चाहिए।
एडवोकेट दीपक वर्मा ने कहा कि बाजारों में रोजाना कस्बे के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग खरीदारी करने आते हैं। महिलाओं को अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही कारोबार पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। नगरपालिका को जल्द ही शौचालय का निर्माण करवाना चाहिए।
नगर पालिका के सचिव सुरेंद्र मलिक ने बताया कि बाजार में शौचालय बनवाने के लिए जगह चिह्नित करके एस्टीमेट तैयार कर लिया है। अगले महीने टेंडर करके काम शुरू कर दिया जाएगा।