जिले में रविवार को 94 संक्रमित मरीजों ने कोरोना को मात दी है। वहीं कोरोना के 63 पॉजिटिव केस मिले हैं। सात संक्रमित शवों का कोरोना गाइडलाइन से अंतिम संस्कार किया गया जबकि स्वास्थ्य विभाग ने चार शवों की पुष्टि की है। जिले में कोविड-19 का रिकवरी रेट 96.42 प्रतिशत हो गया है और डबलिग रेट 84 दिन है। इसके अलावा कुल आबादी का 27.17 प्रतिशत का कोरोना टेस्ट हो गया है।
सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया के मुताबिक गुरु अर्जुन नगर निवासी 70 वर्षीय कोरोना संक्रमित वृद्ध महिला की मौत चंडीगढ़ में हो गई। वृद्धा हाइपरटेंशन की बीमारी थी। गांव किशनपुरा प्रतापनगर निवासी 72 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत जिला अस्पताल में हो गई। वृद्धा को हाई शुगर था। रादौर निवासी 55 वर्षीय महिला की मौत ईएसआई कोविड-19 अस्पताल में हो गई। महिला शुगर और हाइपरटेंशन की बीमार थी। जबकि गांव मानकपुर निवासी 39 वर्षीय महिला की मौत भी ईएसआई अस्पताल में हो गई। जानकारी के अनुसार, वीरनगर से 65 वर्षीय वृद्धा, गांव तेजली से 61 वर्षीय वृद्ध व करहेड़ा खुर्द बाग का माजरा से 65 वर्षीय की मौत कोरोना से हो गई। सभी का अंतिम संस्कार कोरोना गाइडलाइन से कराया गया।