नगर निगम हाउस की सोमवार को होने वाली बैठक को लेकर कुछ पार्षद रविवार देर शाम मेयर मदन चौहान व सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण शर्मा से मिले। पार्षदों ने मेयर से वर्चुअल होने वाली निगम हाउस की बैठक को नगर निगम कार्यालय के सभागार में करने की मांग की। इस पर मेयर मदन चौहान ने आयुक्त धर्मवीर सिंह से फोन पर बातचीत कर बैठक को स्थगित करने और जल्द ही बैठक की दूसरी तिथि निर्धारित करने को कहा।
निगम पार्षद संजय राणा, राम आसरे, संजीव कुमार, अभिषेक मोदगिल, पार्षद प्रीति जौहर, पार्षद कुसुमलता, पार्षद सविता कांबोज ने मेयर मदन चौहान से मांग करते हुए कहा कि शहर में अब कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण है। इसलिए नगर निगम हाउस की बैठक वर्चुअल न करके निगम कार्यालय के सभागार में की जाए, ताकि सभी पार्षद अपनी बात खुलकर रख सके।
इससे पहले नगर निगम ने सात जून को होने वाली हाउस की बैठक को वर्चुअल तरीके से कराने का निर्णय लिया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने वर्चुअल बैठक को रद्द करने की मांग की थी। पार्षदों ने बताया कि वर्चुअल बैठक का उन्हें कोई अनुभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्चुअल बैठक सवाल-जवाब से बचने के लिए कराई जा रही है। पार्षदों का कहना है कि बैठक में छह से सात माह लग रहे हैं। इस बार लॉकडाउन खुलने का भी इंतजार नहीं किया जा रहा है। पार्षदों का कहना है कि सवाल और बहस फोन पर नहीं हो पाएगी। वहीं मेयर और कमिश्नर का तर्क था कि कोरोना के कारण यह बैठक कराई जा रही है।
इन पार्षदों ने की मांग
कांग्रेस समर्थित वार्ड तीन की हरमीन कोहली, वार्ड चार से देवेंद्र, वार्ड पांच से विनय कांबोज व वार्ड 13 से निर्मल चौहान और इनेलो समर्थित वार्ड 17 की पार्षद वीना शर्मा, वार्ड आठ से विनोद मारवाह, वार्ड 16 से रिया ने मांग पत्र पर हस्ताक्षर किया है। वहीं सत्ता पक्ष के वार्ड एक से संजय कुमार, वार्ड छह से प्रीति जौहर, वार्ड सात से रामआसरा भारद्वाज, वार्ड नौ से भावना बिट्टू, वार्ड18 से कुसुम गोंदवाल, वार्ड-20 से रेखा राणा, वार्ड-21 से अभिषेक शर्मा ने वर्चुअल बैठक का विरोध किया है।
कोरम पूरा न होने का था डर
नगर निगम में 22 पार्षद हैं। इनमें से 14 पार्षदों ने लिखित में वर्चुअल बैठक को रद्द करने के मांगपत्र पर हस्ताक्षर किए थे। वर्चुअल बैठक का अनुभव न होने की वजह से पार्षद बैठक में अनुपस्थित रह सकते थे। ऐसे में कोरम पूरा नहीं होता और वर्चुअल बैठक रद्द हो सकती थी। वहीं नगर निगम कमिश्नर धर्मवीर सिंह का कहना है कि अभी उन्हें ऐसा कोई मांगपत्र नहीं मिला है। मेयर का फोन आया था। इस बारे में चर्चा की जा रही है।