संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रूस के विश्वविद्यालय में बेटी का एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर हरबंसपुरा कॉलोनी निवासी वीना रानी से आठ लाख 55 हजार रुपये ठग लिए गए। जब बेटी से रूस विश्वविद्यालय के काउंसलर ने फीस के रुपये मांगे तो धोखाधड़ी का पता चला। गांधी नगर थाना पुलिस ने चार लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरबंसपुरा कालोनी निवासी वीना रानी ने बताया कि वह अपनी बेटी को रूस पढ़ाई के लिए भेजना चाहती थी। एक साल पहले उन्हें रसियन एजुकेशन हब चैनल से एक नंबर मिला। इस नंबर पर 20 मई 2024 को मोहम्मद दानिश से व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत हुई। आरोपी ने बताया कि वह रूस में रहकर स्नातकोत्तर कर रहा है।
आरोपी ने बातचीत में कहा कि वह उसकी बेटी का रूस में एमबीबीएस में दाखिल करा देगा। इसके लिए उसने आठ लाख 55 हजार रुपये का खर्च बताया। उन्होंने उसकी बातों में आकर उसको यह रुपये दे दिए। आरोपी ने यूरल, टवेर व वॉल्गोग्राड विश्वविद्यालय में से किसी एक में दाखिला दिलाने का वादा किया। इस दौरान मोनिका नाम की एक युवती ने भी वीडियो कॉल पर बात की।
उसने उन्हें बताया कि दानिश ने उसकी बेटी का दाखिला उल्यानोव्स्क स्टेट यूनिवर्सिटी रूस में कराया है। तब आरोपी मोनिका ने वीडियो कॉल के माध्यम से वहां के होस्टल दिखाए। इसके बाद आरोपियों ने बेटी का वीजा लगवा दिया। दो दिसंबर 2024 को उसकी बेटी का वीजा जारी हुआ। 16 दिसंबर 2024 को बेटी एक बैच के साथ रूस गई।
उसी रात आरोपी दानिश ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजा और साढ़े तीन लाख रुपये और मांगे। तब उसने उससे कुछ समय मांगा। इस बीच बेटी रूस पहुंच गई। जब वह विश्वविद्यालय में पहुंची तो वहां पर काउंसलर अंकित मिला। वह भी बेटी से मेस की फीस मांगने लगा। तब पता लगा कि आरोपी दानिश ने फीस जमा नहीं कराई है। इस शिकायत पर गांधी नगर थाना पुलिस ने आरोपी दानिश, मोनिका व दो अन्य पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।