संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ट्रेडिंग कंपनी में निवेश से मुनाफे का लालच देकर छप्पर निवासी रोहित चौहान से 65 लाख रुपये की ठग लिए गए। रोहित ने यह आरोप राजस्थान के जिला जयपुर गांव हरदयानपुरा निवासी समानता जोश, श्वेता सिंह, महेंद्र सिंह व डेविड पर लगाए। थाना छप्पर पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शिकायत में गांव छप्पर निवासी रोहित चौहान ने बताया कि वर्ष-2023 में समानता जोश ने इंस्टा आइडी पर संदेश भेजा। उसने आक्सान इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने का झांसा दिया। कहा कि कंपनी में निवेश करने से काफी लाभ होगा। काफी लोग इसमें निवेश कर लाभ कमा रहे हैं।
उसकी बातों में आकर 50 हजार रुपये बाइनेंस एप्लीकेशन के जरिए बिटक्वाइन के रूप में आक्सन इंडिया कंपनी में निवेश किया। साथ ही बाइनेंस एप्लीकेशन का एप भी डाउनलोड किया। समानता जोश ने विश्वास दिलाया कि 45 दिन में निवेश किए रुपये दोगुना हो जाएंगे। साथ ही कहा कि यह रुपये खाते में तभी आएंगे, जब उसमें छह लाख रुपये होंगे। तब छह लाख रुपये भी खाते में जमा कराए।
इन रुपयों को समानता ने अपने एक अन्य साथी महेंद्र सिंह से बिट क्वाइन में कंवर्ट करा दिए। जब इन रुपयों को खाते से निकालने लगा तो वह नहीं निकले। इस बारे में समानता से बात की तो उसने कहा कि इसके लिए अमेरिका सेल टैक्स से नंबर लेना पड़ेगा। इसके लिए और रुपये निवेश करने होंगे। ऐसा करने से मना कर दिया तो समानता ने कहा कि कोई दिक्कत नहीं है।
इन रुपयों को निकालने के लिए अमेरिका कोर्ट में केस किया है। कुछ दिन बाद फिर कॉल आई और बताया कि केस जीत चुके हैं। जल्द निवेश किए रुपये मुनाफे सहित 1.6 मिलियन डालर मिल जाएंगे। इसके बाद डेविड नाम के व्यक्ति का कॉल आया। उसने खुद को अमेरिकन अंबेसडर बताया और कहा कि वह रुपये देने के लिए आ रहा है, लेकिन कस्टम ने रोक लिया है।
कस्टम क्लियर करने के लिए रुपये देने होंगे। साथ ही एक बैंक खाता नंबर भेजा। शक होने पर उसके खाते में रुपये नहीं भेजे। इसके बाद समानता का कॉल आया। उसने श्वेता का खाता नंबर भेजा और कहा कि इस खाते में पांच लाख रुपये जमा कराएं। इतनी करने पर भी जब निवेश किए रुपये व मुनाफा नहीं मिला। जांच अधिकारी रामकुमार ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।