अब बिजली उपभोक्ताओं को पुराने बिजली मीटरों के कारण ज्यादा बिल आने की दिक्कत से छुटकारा मिलने वाला है। बिजली निगम ने सर्कल के ऐसे पांच हजार बिजली मीटर को चिह्नित किया है जो दस वर्ष से अधिक चल चुके हैं।
इन्हें बदलने के लिए बिजली निगम ने सघन अभियान की रूपरेखा तैयार की है। जिसके तहत सभी एसडीओ के नेतृत्व में करीब छह टीमों का गठन किया है।
ये टीमें अगले तीन माह के भीतर सभी पुराने और खराब मीटरों को हटाकर उनकी जगह नए मीटर लगाएगी। बता दें कि उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम को उपभोक्ता की ओर से खराब मीटर के कारण बिल ज्यादा आने की शिकायतें बार-बार मिल रही थी।
निगम ने सर्वें किया तो पाया कि सर्कल के तहत करीब पांच हजार मीटर ऐसे हैं, जो दस वर्ष से अधिक चलने के कारण खराब हालत में हैं। इन्हें बदलने के लिए निगम ने सभी मीटरों को बदलने की फैसला लिया।
इसके लिए बिजली निगम से यमुनानगर के अधीक्षक अभियंता एचपी शर्मा ने एसडीओ के नेतृत्व में छह टीमों का गठन किया है।
जो अगले तीन माह तक उपभोक्ताओं के खराब बिजली मीटरों को हटाकर उनके स्थान पर नए मीटर लगाएगी। उपभोक्ताओं की औसत के आधार पर बिल जारी करने की शिकायतों में कमी आएगी और निगम को बिजली की खपत की सही जानकारी प्राप्त हो सकेगी।
प्राथमिकता के आधार पर बदलेंगे मीटर: बजली निगम के अधीक्षक अभियंता एचपी शर्मा ने बताया कि निगम के पास पर्याप्त मात्रा में एक और तीन फेज के मीटर उपलब्ध हैं। अभियान के तहत उपभोक्ताओं के दोषपूर्ण मीटरों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाएगा। साथ ही नए कनेक्शन के आवेदकों को भी मीटर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
कर्मियों की नियुक्ति डेट बढ़ाई : बिजली निगम में स्टाफ की कमी के चलते लोगों की अधिक शिकायतें आती थी। इसके लिए प्रत्येक परिचालन उपमंडल में दस कर्मियों को नियुक्त करने की जुलाई माह तक स्वीकृति प्रदान की गई थी।
इस अवधि को दो माह के लिए बढ़ाया गया है और अब सभी परिचालन उपमंडल में 30 सितंबर तक उन्हें कार्य करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
ये व्यक्ति ब्रेक डाउन होने पर बिजली आपूर्ति को बहाल करने और अपने सुपरवाइजरों को दैनिक कार्य निपटाने में सहायता करेंगे। उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतों को जल्द दूर हो सकेंगी।
14 को सुनी जाएंगी बिजली समस्याएं: एचपी शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों के निवारण हेतु उपभोक्ता कष्ट निवारण फोरम पंचकूला द्वारा 14 जुलाई 2014 को दोपहर 12.30 बजे भाई कन्हैया साहिब चौक के नजदीक हाइडल कॉलोनी में स्थित ऑपरेशन सर्कल कार्यालय में सभा आयोजित की जाएगी।