संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के बड़े कारोबारी रोशन लाल कांबोज की कंपनी से सनमाइका खरीदकर पंजाब में बेचने के नाम पर प्रदीप नाम के व्यक्ति ने 5.19 लाख रुपये की ठगी कर ली। बुड़िया थाना पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर आरोपी अमृतसर निवासी प्रदीप के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
साबापुर निवासी रोशन लाल कांबोज नेपुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी गांव साबापुर में ही गोल्ड लेमिनेट्स व टैक ग्रीन इटरप्राइज के नाम से दो फर्म हैं। वहां पर सनमाइका बनाई जाती हैं। वर्ष 2019 अप्रैल में अमृतसर के नवाकोट निवासी प्रदीप कुमार उसकी कंपनी में आया। उसने माल देखा। पसंद आने पर उसने सनमाइका का ऑर्डर कर दिया। ऑर्डर पर उसने प्रदीप कुमार को माल भेजना शुरू कर दिया। आरोपी उससे माल खरीदकर पंजाब में विक्रेताओं में बेचता था। जिन फर्मों को माल जाता था, उनसे बैंक के माध्यम से आरोपी भुगतान करता था। इस दौरान आरोपी प्रदीप कुमार ने उससे चार अप्रैल 2019 से सात मार्च 2020 तक 519547 रुपये का माल लिया।
इसके बाद मार्च 2020 में कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लग गया। आरोपी प्रदीप ने लॉकडाउन खुलने पर भुगतान करने की बात कही। लॉकडाउन खुलने पर उसने आरोपी प्रदीप से अपने रुपये मांगे। आरोपी टाल मटोल करने लगा। जब भी उसने आरोपी के नंबर पर संपर्क कर अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। कई नोटिस भेजने पर भी आरोपी ने उसके रुपये नहीं लौटाएं। उसने पंजाब में एक फर्म के मालिक को फोन किया तो उसे पता चला कि आरोपी प्रदीप उनसे पूरी रकम ले गया है। थाना प्रभारी नरेंद्र का कहना है कि मामले में आरोपी प्रदीप कुमार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।