प्लाईबोर्ड बेचने के नाम पर ठगे 31.91 लाख रुपये
मांगने पर दी जान से मारने की धमकी, यूनिक प्लाईबोर्ड फर्म के पार्टनर हनी बंसल से हुई ठगी, बिहार के एक फर्म मालिक पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्लाईबोर्ड बेचने के नाम पर बिहार के एक फर्म मालिक ने मॉडल टाउन निवासी यूनिक प्लाईबोर्ड फर्म के पार्टनर हनी बंसल से 31 लाख 91 हजार रुपये हड़प लिए। आरोपी ने फर्म मालिक से कुल 6055956 रुपये का प्लाईबोर्ड और उससे बने उत्पाद खरीदे थे। जिसके बदले आरोपी ने केवल 2864431 रुपये का ही भुगतान किया। जबकि 3191525 रुपये नहीं दिए। हनी बंसल से आरोपी से रुपये मांगे तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन निवासी हनी बंसल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नई दिल्ली के मुंडका स्थित यूनिक प्लाईबोर्ड फर्म में पार्टनर है। फर्म में वह प्लाईवुड और उससे जुड़े सामान की बिक्री का व्यवसाय करता है। साल 2019 में उसके बिहार के पूर्वी चंपारण के गंगापुर स्थित एएस वुडलाइन भवरूआ के मालिक विनोद बंसल से व्यापारिक संबंध बने थे। आरोपी के साथ व्यापारिक संबंध शुरू करने के लिए आरोपी विनोद बंसल उससे मिलने मॉडल टाउन में उसके घर पर आया था। आरोपी ने उससे प्लाईवुड का सामान खरीदने की बात कही थी। व्यवसायी होने के कारण वह आरोपी के साथ व्यापारिक संबंध बनाने के लिए सहमत हो गया। तब आरोपी ने बिहार के मधुबन से उसके लिए अच्छे व्यवसाय होने की बात कही थी। इसके बाद आरोपी ने उसके पास से प्लाईवुड व प्लाईबोर्ड से बने उत्पाद खरीदने शुरू कर दिए। शुरू में आरोपी ने नकद राशि का भुगतान कर उससे माल खरीदा। लेकिन इसके बाद आरोपी ने कुछ माल के रुपये देकर बाकी रुपये बाद में देने की बात कहकर सामान मंगवाना शुरू कर दिया।
एक अप्रैल 2019 से 22 अक्तूबर 2021 तक आरोपी ने उससे 6055956 रुपये का माल मंगवाया। लेकिन इस दौरान केवल 2864431 रुपये का ही भुगतान किया। जबकि 3191525 रुपये बाद में देने की बात कही। लेकिन अब तक आरोपी ने उसके 31 लाख 91 हजार 525 रुपये नहीं दिए। उसने आरोपी से कई बार अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर उसे टाल देता था। हनी बंसल ने बताया कि 22 नवंबर 2021 को उसके पास अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले आरोपी ने बताया कि विनोद बंसल उसके रुपये देने के लिए भेजा है। फोन करने वाले उसे जगाधरी रोड पर हनुमान मंदिर के पास बुलाया। जब वह मौके पर गया तो वहां दो व्यक्ति खड़े मिले। जब उसने आरोपियों से अपने रुपये मांगे तो आरोपियों ने उसे धमकाया कि वे रुपये देने नहीं उसे समझाने आए है। आरोपियों ने उसे चाकू दिखाते हुए धमकी दी कि यदि उसने विनोद बंसल से दोबारा रुपये मांगे तो वे उसे जान से खत्म कर देंगे। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। लेकिन पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर वीरवार को शहर पुलिस ने मामले में आरोपी विनोद बंसल पर धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि मामले में आरोपी पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।