यमुनानगर/साढौरा। ओएलएक्स एप पर फ्रिज खरीदने के बहाने साइबर ठगों ने पहाड़ीपुर निवासी कुलविंद्र सिंह के खाते से 28 हजार रुपये निकाल लिए। ठग ने फ्रिज खरीदने की बात कहकर गूगल-पे पर रुपये भेजने का स्क्रीनशॉट भेजा, जबकि पीड़ित के पास रुपये नहीं पहुंचे। इसके बाद आरोपी ने खाते में रुपये भेजने के लिए लिंक भेज क्लिक करने को कहा। लिंक पर क्लिक करते ही खाते से रुपये उड़ गए। पुलिस ने कुलविंद्र की शिकायत पर श्रीकांत नाम के व्यक्ति पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव पहाड़ीपुर निवासी कुलविंद्र सिंह ने साढौरा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके परिवार के सदस्यों ने 21 जनवरी को ओएलएक्स पर पुराना फ्रिज बेचने के लिए पोस्ट की थी। इस दौरान उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया। व्यक्ति ने अपना नाम श्रीकांत बताया। व्यक्ति ने कहा कि वह उनका फ्रिज खरीदना चाहता है। उसका व्यक्ति से फ्रिज का सौदा तय हो गया। जिस पर व्यक्ति ने उनका गूगल-पे नंबर मांगा। उन्होंने अपना गूगल-पे नंबर दे दिया। आरोपी ने पहले उनके पास दो रुपये डाले। वह उनके अकाउंट में आ गए। इसके बाद आरोपी ने उन्हें चार हजार रुपये भेजने का स्क्रीनशॉट भेजा, यह पैसे उनके अकाउंट में नहीं आए। जब उन्होंने आरोपी को कहा कि कि यह पैसे उनके अकाउंट में नहीं आए तो आरोपी कहने लगा कि यह पैसे उनको मिल जाएंगे। जैसे वह कहता है वैसे ऑप्शन पर क्लिक करते रहना। वह आरोपी की बातों में आ गए। उन्होंने आरोपी के कहने अनुसार ऑप्शन पर क्लिक करना शुरू कर दिया। जिसके बाद उनके अकाउंट से पहली बार में चार हजार, दूसरी बार में आठ हजार और तीसरी बार में 16 हजार रुपये कट गए। जब उन्होंने इस बारे आरोपी से बात की तो आरोपी ने दोबारा वही करने को कहा, लेकिन उसके परिवार वालों ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके परिवार वालों को धमकाना शुरू कर दिया और फोन कट कर दिया। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार का कहना है कि मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।