यमुनानगर। चांदपुर बाईपास के पास नगर निगम 247.94 लाख रुपये की लागत से ऑटो मार्केट बनाएगा। इससे शहर की सड़कों पर वाहनों की मरम्मत करने के लिए चल रही वर्कशॉप के कारण लग रहे जाम से शहरवासियों को मुक्ति मिलेगी। ऑटो मार्केट बनने से वाहन चालकों को भी एक स्थान पर ही वाहनों की सर्विस, रिपेयर और सामान मिल सकेगा। चांदपुर में बनने वाली ऑटो मार्केट के लिए नगर निगम द्वारा टेंडर लगा दिया गया है। टेंडर लगने वाली कंपनी को करीब 12 माह में ऑटो मार्केट का निर्माण कार्य पूरा करना होगा।
ट्विन सिटी के बाजारों में सड़कों के किनारे ही कार, ऑटो, बाइक व अन्य वाहनों की सर्विस व मरम्मत का काम किया जाता है। कुछ दुकानदार तो सड़कों पर ही वाहनों की मरम्मत करते हैं। इससे सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या से निपटने के लिए नगर निगम की ओर से ऑटो मार्केट बनाने का निर्णय लिया गया है। जगाधरी व यमुनानगर में चार ऑटो मार्केट बनाने की योजना है। यमुनानगर जोन में एक ऑटो मार्केट वार्ड नंबर 16 के चांदपुर बाईपास के पास खाली पड़ी जमीन में बनाई जाएगी। यहां करीब 2.2 एकड़ जमीन में ऑटो मार्केट बनाने की योजना है। अब निगम की ओर से ऑटो मार्केट के निर्माण के लिए 247.94 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है।
बाक्स
शहर की सड़कों पर हैं 500 से अधिक वाहन मरम्मत व सर्विस की दुकानें
ट्विनसिटी में रेलवे रोड पर संत निरंकारी भवन से सिविल अस्पताल तक दोनों तरफ दर्जनों दुकानें हैं। इसी तरह रामपुरा कालोनी में आधा दर्जन से अधिक कार सर्विस व मरम्मत की दुकानें है। इसके अलावा पुराना हमीदा में सहारनपुर रोड पर यमुना नहर पुल तक व रादौर रोड पर सहित शहर की कई सड़कों पर 500 से ज्यादा वाहन सर्विस व मरम्मत का काम किया जाता है। उधर जगाधरी में महाराजा अग्रसेन चौक से बुड़िया चौक तक भी ट्रैक्टर, बाइक व अन्य वाहनों की मरम्मत की दुकानें हैं। कई स्थानों पर वाहन की मरम्मत आधी सड़क तक की जाती है। शेष सड़क पर वाहन खड़े होते है। इससे सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे निपटने के लिए टिवनसिटी में चार ऑटो मार्केट बनाने की योजना है।
ऑटो मार्केट बनने से ये होंगे फायदें
आटो मार्केट बनने से शहर में यातायात व्यवस्था में तो सुधार आएगा। सड़कों पर वाहन खड़े होने से हुए अतिक्रमण से मुक्ति मिलेगी, साथ ही जाम से निजात मिलेगी। वाहन मालिकों को भी फायदा होगा। उन्हें वाहन मरम्मत और उनके कलपुर्जों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। एक स्थान पर ही ये सभी सुविधाएं मिलेगी। एक जगह लाइट व्हीकल रिपेयर वर्क की दुकानें आने से टेक्निकल फील्ड के एक्सपर्ट व हेल्पर्स को रोजगार मिलेगा।
वर्जन
चांदपुर बाइपास के नजदीक ऑटो मार्केट बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। ऑटो मार्केट बनने से शहरवासियों व वाहन चालकों को लाभ होगा। मार्केट में पेयजल, निकासी, शौचालय सहित अन्य सभी सुविधाएं दी जाएगी। टेंडर अलॉट होते ही ऑटो मार्केट का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
- मदन चौहान, महापौर, नगर निगम।