यमुनानगर। खजूरी रोड स्थित प्लाईवुड फैक्टरी से पैमेंट लेकर निकले टिंबर मर्चेंट के कर्मचारी से दो लाख आठ हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। कर्मचारी ने घटना की जानकारी मालिक व पुलिस को दी। थाना जठलाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना सोमवार देर शाम की है। पुलिस ने क्षेत्र की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि दूसरी तरफ पुलिस लूट को अभी संदिग्ध मान रही है। इस संबंध में कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है।
लक्कड़मंडी स्थित नवाब टिंबर मालिक शहजाद उर्फ काला ने जठलाना पुलिस को बताया कि सोमवार को उसका मुंशी छुट्टी पर गया हुआ था और उसे खजूरी रोड स्थित प्रगति प्लाईवुड फैक्टरी से दो लाख आठ हजार 365 रुपये की पेमेंट लेनी थी। मुंशी के न होने पर उसने टिंबर में काम करने वाले शार्दिल को पेमेंट लेने भेज दिया। शार्दिल ने फैक्टरी मालिक से पैमेंट ली और उसे बैग में रख लिया। देर शाम करीब आठ बजे उसके पास शार्दिल का फोन आया। शार्दिल ने उसे फोन पर बताया कि वह फैक्टरी से पेमेंट लेकर बाइक पर टिंबर के लिए निकला था। जब वह फैक्टरी से कुछ दूरी पर खजूरी रोड पर पहुंचा तो किसी ने उसकी आंखों में कोई ज्वलनशील स्प्रे कर दिया। जिससे उसकी आंखों में जलन होने लगी। उसने तुरंत बाइक रोकी। बाइक रुकते ही बदमाशों ने उसके पास से रुपयों से भरा बैग लूट लिया। इसके बाद बदमाश उसे धक्का देकर मौके से फरार हो गए। बदमाशों की संख्या कितनी थी, आंखें बंद होने के कारण वह नहीं देख पाया। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचा। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर जठलाना प्रभारी रघुवीर सिंह अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की।
जठलाना थाना प्रभारी रघुवीर सिंह का कहना है कि प्राथमिक जांच में आसपास की सीसीटीवी फुटेज में लूट जैसी बात सामने नहीं आई है। न ही शार्दिल के चेहरे पर किसी तरह का स्प्रे व पाउडर मिला है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जिसकी जांच की जा रही है।