संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डीएचई (उच्च शिक्षा निदेशालय) की ओर से सात दिन अवधि बढ़ाने पर भी कॉलेजों में स्नातक में कुल सीटों के मुकाबले पंजीकरण कम रहे। पंजीकरण के अंतिम दिन सोमवार को रादौर, छछरौली व आहड़वाला में बने तीन राजकीय कॉलेजों में शाम चार बजे तक 1,870 सीटों पर 1,534 पंजीकरण आए। प्रतापनगर व सरस्वती नगर में बने दो राजकीय कॉलेजों में नाममात्र पंजीकरण रहे। यही हाल एडेड व सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में रहे।
जिले में 15 महाविद्यालयों में स्नातक के कोर्स कराए जा रहे हैं। इनमें पांच राजकीय व छह एडेड, दो सेल्फ फाइनेंस व दो अन्य महाविद्यालय हैं। 11 कॉलेज कोएड (छात्र-छात्राओं दोनों के लिए) और चार केवल कन्या महाविद्यालय हैं। खंड व्यासपुर, छछरौली, प्रतापनगर, रादौर व सरस्वतीनगर में एक-एक राजकीय महाविद्यालय है। पांचों राजकीय महाविद्यालयों में मौजूदा समय में अलग-अलग संकायों में 21 स्नातक की कुल 2210 सीटें हैं।
पंजीकरण के आखिरी दिन 16 जून तक छछरौली के कॉलेज में 900 सीटों पर 738, रादौर के कॉलेज में 470 सीटों पर 420 व व्यासपुर के आहड़वाला कॉलेज में 500 सीटों पर 376 पंजीकरण हुए। यानी तीनों कॉलेजों में 1870 सीटों पर 1534 पंजीकरण हैं। प्रतापनगर व सरस्वतीनगर कॉलेज में बीए व बीकॉम दो कोर्स में नाममात्र ही पंजीकरण हुए हैं। यहां प्रतापनगर में 100 व सरस्वतीनगर में 240 सीटें हैं।
बीसीए की एक सीट पर तीन से चार आवेदन
रादौर, छछरौली व आहड़वाला में बने तीनों बड़े राजकीय कॉलेजों में स्नातक में दाखिले के लिए सबसे ज्यादा रुझान बीसीए में है। बीसीए की एक-एक सीट के लिए तीन से चार आवेदन आ गए हैं। स्नातक में बीए कोर्स भी विद्यार्थियों की पसंद रहता है, पर इस बार तीनों कॉलेजों में बीए की कुल सीटों के मुकाबले कम आवेदन आए। इसी सत्र में शुरू हो रहे नए कोर्सों की बात करें तो छछरौली के राजकीय कॉलेज के नए कोर्स बीबीए में जरूर रूझान है, पर बीटीएम में कुल सीटों से बहुत कम आवेदन हैं। ऐसे ही रादौर के राजकीय कॉलेज के नए कोर्स बीएससी फिजिकल साइंस को भी नाममात्र रूझान मिला है।
अभी पंजीकरण की अवधि दोबारा बढ़ाए जाने की सूचना नहीं मिली है। इस संबंध में जो भी निर्देश होंगे, उस बारे कॉलेजों को अवगत कराया जाएगा। पहली मेरिट सूची 25-26 जून को जारी होने का शेड्यूल है। - सुमन बाला, जिला उच्च शिक्षा अधिकारी, यमुनानगर।