संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर/छछरौली। कृषि विभाग व पुलिस की टीम ने मंगलवार को गांव पंजेटों स्थित पंजेटों खाद स्टोर के गोदाम में छापा मारकर 1520 बैग यूरिया खाद पकड़ी है। छापामारी के दौरान गोदाम में काम कर रहे वर्कर फरार हो गए। विभाग ने गोदाम को सील करने के बाद मालिक अनिल कुमार का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। थाना छछरौली पुलिस ने कृषि विभाग के गुणवत्ता नियंत्रक निरीक्षक बालमुकुंद की शिकायत पर गोदाम मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश आरंभ कर दी है।
दरअसल सोमवार शाम को कृषि विभाग के गुणवत्ता नियंत्रक निरीक्षक बालमुकुंद रूटीन की चेकिंग पर छछरौली के एमएल वर्मा चौक पर थे। इसी दौरान एक महिंद्रा पिकअप आई। शक होने पर उसे रोका गया, जिसमें यूरिया खाद के 35 बैग भरे थे। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान पंजेटों निवासी अंकित के तौर पर बताई। जब उसे यूरिया के दस्तावेज दिखाने के लिए कहा गया तो वह कुछ भी पेश नहीं कर पाया। इस पर उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर केस दर्ज कर दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी अंकित से यूरिया के बैग के बारे में पूछा गया। इस उसने बताया कि वह यूरिया पेंजेटों खाद स्टोर से लेकर आया है। इसके बाद विभागीय अधिकारी व पुलिस मंगलवार को छापामारी करने के लिए गोदाम पहुंचे। गोदाम की जांच 1520 बैग यूरिया खाद मिली, जिसका कोई रिकॉर्ड नहीं पाया गया और न ही यूरिया का स्टॉक पीओएस मशीन में चढ़ा हुआ मिला। गोदाम को सील करके यूरिया खाद के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। यह खाद पानीपत की एनएफएल (नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड) में बनी है।
गोदाम के अंदर से जा रहा होटल में रास्ता
छापामारी के दौरान चौंकाने वाली बात सामने आई। गोदाम के अंदर से पास ही बने होटल में रास्ता जा रहा था। इसके अलावा करीब छह कमरे भी मिले. जिनमें बेड भी लगे थे। हालांकि इस दौरान कमरों से कुछ नहीं मिला, लेकिन छापामारी के दौरान वर्कर गोदाम से गायब हो चुके थे। पुलिस ने केवल गोदाम से मिले अवैध यूरिया बैग को लेकर ही कार्रवाई की है।
गोदाम के अंदर अवैध रूप से रखी 1520 बैग यूरिया बरामद हुई है। गोदाम को सील कर मालिक का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। छापामारी सोमवार को यूरिया के साथ पकड़े गए महिंद्रा पिकअप के चालक से पूछताछ में मिली जानकारी के बाद की गई है। - बालमुकुंद, गुणवत्ता नियंत्रक निरीक्षक, कृषि विभाग।