यमुनानगर। कर्ज दिलवाने के नाम पर गुमथला राव गांव निवासी शिक्षा देवी से एक लाख 52 हजार रुपये लेकर हड़प लिए गए। आरोप आकाश नामक युवक पर लगा है। आरोपी ने खुद को बैंक का मैनेजर बता कर महिला को झांसे में लिया। पैसे लेने के बाद आरोपी ने लोन दिलवाने से मना कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
शिक्षा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी आकाश अपनी पत्नी को दवाई दिलवाने के लिए उनके गांव गुमथला राव में आया था। जहां पर उसकी आरोपी आकाश से मुलाकात हुई। आरोपी ने उसे कहा कि वह बैंक में मैनेजर है। अगर उसे लोन की जरूरत है तो वह उसे लोन दिलवा सकता है। उसे मकान बनाने के लिए पैसों की जरूरत थी तो वह आरोपी की बातों में आ गई। आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया।
इसके बाद आरोपी ने उसे अगले दिन फोन किया और बताया कि उसका 10 लाख रुपये का लोन हो सकता है। मगर उसे मकान बनाने के लिए सात लाख रुपये की जरूरत थी। उसने आरोपी की बातों में आकर उसे सात लाख रुपये का लोन दिलवाने के लिए कहा। आरोपी ने उसे सात लाख रुपये के लोन पर पौने तीन लाख रुपये सब्सिडी के माध्यम से माफ होने का झांसा दिया और लोन दिलवाने के नाम पर उसे पैसे देने की बात कही। उसने आरोपी की बातों में आकर उसे अपने गहने गिरवी रखकर एक लाख 32 हजार रुपये और 20 हजार रुपये के गुगल पे के माध्यम से दिए। संवाद