ओवरलोड वाहनों के विरोध में किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। ओवरलोड वाहनों से आए दिन हो रहे हादसों के विरोध में उद्योग व्यापार मंडल हरियाणा से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों ने जिला सचिवालय में मंगलवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र मित्तल के नेतृत्व में एसपी को ज्ञापन सौंपा और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
मंडल के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र मित्तल ने बताया कि कुछ समय से क्षेत्र में ओवरलोड वाहन की वजह से सड़क हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है। जगाधरी बस स्टैंड, कमानी चौक से विश्वकर्मा चौक, छछरोली-खिजदराबाद रोड, सहारनपुर रोड आदि पर तो हालात काफी बिगड़ गए हैं। इनके संचालन में यातायात नियमों का धड़ल्ले से उल्लंघन हो रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कोई नंबर और रिफ्लेक्टर तक नहीं होते। नाबालिग वाहन चलाते नजर आते हैं। इसलिए मंडल की ओर से सचिवालय में प्रदर्शन कर एसपी राजेश कालिया को ज्ञापन देकर इन पर अंकुश लगाने की मांग की। प्रदेश प्रवक्ता व प्रदेश महासचिव संजय मित्तल, शहरी ट्रांसपोर्ट अध्यक्ष ताराचंद सैनी, बोबी, रवि अंठाले, अनिल पाल, राजकृष्ण, अजय, दीपक बढोला, पंडित अखिलेश, आलोक खुराना आदि मौजूद रहे।