ड्यूटी मजिस्ट्रेट रखेंगे कांवड़ यात्रा पर नजर: डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। कांवड़ यात्रा पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नजर रखेंगे। इसके लिए जल्द तैनाती की जाएगी। इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर डीसी रोहतास सिंह खरब ने बताया कि दस से 21 जुलाई तक चलने वाली कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान अक्सर नशे में गड़बड़ी की शिकायतें आती हैं। इसके लिए पुलिस विभाग को विशेष ध्यान रखने और यातायात को बाधित न होने देने के निर्देश दिए हैं। बताया कि पूरे जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए जाएंगे। इनके साथ संबंधित थाना प्रभारी भी रहेंगे। कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कांवड़ यात्रा को डायवर्ट भी किया जा सकता है। इसके लिए पुलिस ने बंदोबस्त कर लिए हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान लकड़ मंडी रहेगी बंद: डीसी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान लकड़ मंडी यमुनानगर-जगाधरी बंद रहेगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह क्षेत्र में प्राइवेट क्रेन के मालिकों के फोन नंबर अपने पास रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनकी सेवाएं ली जा सकें। सभी शिविर सड़क मार्ग से सौ फीट की दूरी पर हरिद्वार-सहारनपुर की तरफ से आते हुए बाईं ओर और पीछे हटकर ही लगाए जाएंगे। कांवड़ियों के शिविर अन्य समुदाय के धार्मिक स्थानों से उचित दूरी पर लगाए जाएं। इसके अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था भी सड़क से दूर रखी जाए। जिन रास्तों पर कांवड़ियों का आवागमन अधिक रहता है, उन रास्तों से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। उतर प्रदेश सीमा से जोड़ियां नाका तक शिविर लगाने और भंडारे की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, टैक्सी स्टैंड आदि के आसपास भी कांवड़ शिविर लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कुछ यातायात अंबाला रोड से और कुछ यातायात हरनौल रोड के लिए डायवर्ट किया जाएगा।