कांजनू में खुले में शौच गए तो लगेगा 500 रुपये जुर्माना
रादौर। देश को खुले में स्वच्छ बनाने के अभियान में अब सरकार को कांजनू की पंचायत का साथ मिल गया है। गांव को खुले में शौचमुक्त बनाने के लिए और स्वच्छता के लिए ग्राम पंचायत ने पहल की है। गांव की पंचायत ने खुले में शौच करने वाले लोगों पर 500 रुपया जुर्माना लगाए जाने का फरमान जारी किया है। इस संबंध में गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हिदायत दी गई। वहीं गंदगी फैलाने वालों को चेतावनी भी दी गई है।
फैसले का पालन कराने के लिए पंचायत ने गांव में एक निगरानी कमेटी बनाई है, जो खुले में शौच करने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखेगी। गांव कांजनू के सरपंच पवन कुमार ने बताया कि गांव में बहुत से लोग खुले में शौच करते थे। इसके बाद पंचायत ने ऐसे लोगों के घरों में शौचालय बनवा दिए हैं। बावजूद इसके यदि कोई खुले में शौच करता है, तो उसे माफ नहीं किया जाएगा। उससे पंचायत 500 रुपये जुर्माना वसूलेगी। गांव में पंचायती पार्क है, जिसमें पांच शौचालय बनवाए गए हैं। पार्क में आने वाले लोग इन शौचालयों का इस्तेमाल कर सकते हैं वहीं, गांव की फिरनी पर बहुत से लोगों ने कुरड़ियां डालकर गंदगी का वातावरण बनाया हुआ है। पंचायत ने मुनादी करवाकर दो दिनों तक फिरनी के ऊपर पड़ी कुरड़ियों को उठाने का अल्टीमेटम दिया है। समय अवधि के बाद पंचायत जेसीबी मशीन से फिरनी पर पड़ी कुरड़ियों और अन्य गंदगी को उठवाकर गांव को स्वच्छ बनवाएगी।