फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

-खतरे से खाली नहीं बीकेडी का सफर, तेज रफ्तार ट्रक रोजाना ले रहे लोगों की जान

विज्ञापन
विज्ञापन
संभलना! बड़े खतरे हैं इस सड़क पर
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। नेशनल हाईवे के बजाय बीकेडी (बुड़िया-खदरी-देवधर) रोड पर दौड़ रहे तेज रफ्तार ट्रकों ने इस रोड को खतरनाक बना दिया है। इस सड़क पर तेज रफ्तार ट्रकों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। हाल यह है कि, तकरीबन हर दूसरे दिन इस रोड पर कोई न कोई हादसा हो रहा है। अभी शुक्रवार रात को ही बुड़िया पुल और शहजादपुर पंच पीर के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों की जान ले ली थी। भीषण टक्कर में एक युवक ट्रक के पहिए में फंसा हुआ करीब 50 मीटर दूर तक घसीटता हुआ गया, जिससे उसके शरीर के दो टुकड़े हो गए थे। हादसे के बाद भड़के ग्रामीणों ने पुलिस की मौजूदगी में मार्ग पर जाम लगा दिया था और ट्रक में तोड़फोड़ की थी। बिलासपुर डीएसपी और बुड़िया एडिशनल एसएचओ नवीन कुमार ने शवों को कब्जे में लेकर लोगों को शांत कराया था।
शव के हो गए थे दो टुकड़े
खदरी निवासी अमजद अली (23) और खदरी में अपने मामा के घर रह रहे सहारनपुर के गांव सोंदेबांस निवासी सालिम (28) शुक्रवार को किसी काम से जगाधरी आए थे। रात को वह वापस खदरी लौट रहे थे। बीकेडी रोड पर जब वे बाइक से बुड़िया पश्चिमी यमुना नहर पुल और शहजादपुर पंच पीर के बीच पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज हुई थी कि बाइक के दो टुकड़े हो गए। इस दौरान ट्रक ने अमजद अली और सालिम को बुरी तरह कुचल दिया। सालिम का शव ट्रक के पिछले पहियों के बीच फंस गया। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने हादसे के बाद हैंडब्रेक लगाए। जिससे बाद सालिम पहियों में फंसा हुआ करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ चला गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से हादसे के करीब एक घंटे बाद जब शव को बाहर निकाला तो उसके दो टुकड़े हो चुके थे। सड़क पर करीब सौ मीटर तक दोनों युवकों के मांस के लोथड़े फैल गए थे।
विज्ञापन

गुस्साए गामीणों ने ट्रक में की तोड़फोड़, बेबस पुलिस देखती रही
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ लग गई। इस बीच पहुंचे परिजनों ने जब सड़क पर मृतकों के मांस के लोथड़े फैले देखे तो बेकाबू हो गए। भड़के ग्रामीणों ने बुड़िया थाना पुलिस के सामने ही जमकर हंगामा किया और जाम लगाकर ट्रक में जमकर तोड़फोड़ की। ग्रामीणों का कहना था कि यह इस मार्ग पर चालक ट्रक लापरवाही से चला रहे हैं।
दो बच्चियों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक सालिम उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव सौंदाबाश का रहने वाला था, वह बचपन से ही गांव खदरी में अपने मामा के पास रहता था। यहीं उसकी शादी हुई। उसके दो बेटियां हैं। सालिम की मौत से दोनों के सिर से पिता का साया उठ गया।
शार्टकट के फेर में चालक बीकेडे पर दौड़ा रहे ट्रक
खदरी निवासी महेंद्र, जफरू, जुलफान, साजिद ने बताया कि खनन शुरू होने के बाद बीकेडी रोड पर ट्रक तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं। यह हाल तब है जब खनन जोन से निकलकर जगाधरी तक जाने के लिए नेशनल हाईवे 73ए है। लेकिन शॉर्टकट के कारण अधिकतर ट्रक बीकेडी रोड से ही निकलते है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से सब ट्रक यहां से निकलते हैं। पुलिस चाहे तो एक घंटे में ट्रकों पर रोक लगा सकती है, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
20 मई को बीकेडी (बुड़िया-खदरी-देवधर) रोड पर रामपुर खादर के नजदीक डंपर की चपेट में आने से घायल हुए 14 साल का किशोर शुभम के मामले में भड़के ग्रामीणों ने जाम लगाकर डंपर को आग के हवाले कर दिया था। इससे पहले 11 मार्च को भी रामपुर खादर के नजदीक ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया था। जिसके बाद भी ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर जाम लगाया था। 23 मई को घायल किशोर शुभम की मौत के बाद भड़के ग्रामीणों ने जाम लगाया था।
विज्ञापन

हादसे के बाद वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। ग्रामीणों ने जाम लगाया हुआ था, वहीं ट्रक के शीशे टूटे हुए थे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत कर दिया। मामले में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नवीन कुमार, एडिशनल एसएचओ, थाना बुड़िया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें