रादौर। जठलाना के गांव मारूपुर स्थित कृष्णा डेकोरेटिव प्लाईवुड फैक्टरी के मालिक से महाराष्ट्र, बिहार और दिल्ली निवासी कुछ लोगों ने करीब 14 लाख रुपये की प्लाईवुड खरीदकर उसकी अदायगी नहीं की। फैक्टरी मालिक ने जब आरोपियों से बेची प्लाईवुड की राशि मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। फैक्टरी के मालिक की शिकायत पर जठलाना पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी व जालसाजी करने का केस दर्ज कर लिया है।
गांव मारूपुर में स्थित कृष्णा डेकोरेटिव प्लाइवुड फैक्टरी के मालिक मुनीष अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मार्च 2019 में सयद सलाउद्दीन उर्फ मोहम्मद निवासी मदीना टिंबर मार्ट, थाने, आजाद नगर, अपोजिट गोल्डन नेस्ट फेस-5, पश्चिमी महाराष्ट्र, प्रेम ठाकुर निवासी सेक्टर-6, रोहतक रोड नई दिल्ली, निकुंज कुमार निवासी अन्नपूर्णा कॉम्पलेक्स, सीता माडी रोड़, मुजफ्फरपुर, बिहार उसके पास प्लाईवुड खरीदने के लिए आए थे। उन्होंने ने उनसे प्लाईवुड खरीदने पर सहमति जताई। जिसके बाद उपरोक्त सभी लोगों के पास फैक्टरी से प्लाईवुड अलग अलग स्थानों पर भेजा गया। लेकिन उपरोक्त लोगों ने बार-बार मांगने पर भी उनकी 1399836 रुपये उन्हें नहीं दिए। रुपये मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां दीं गई। मुनीष अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जठलाना थाना प्रभारी राजीव मिगलानी ने कहा कि मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।